सर्वमंगला नगर में कलश यात्रा के साथ महाशिवपुराण कथा प्रारंभ
रिपोर्ट: भरत यादव | 7999 608 199
कोरबा। छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस: सर्वमंगला नगर के छोटे दशहरा मैदान में 24 नवंबर से 1 दिसंबर तक आयोजित 7 दिवसीय महाशिवपुराण कथा का शुभारंभ मंगलवार को भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। प्रथम दिवस निकाली गई कलश यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामवासी एवं श्रद्धालु शामिल हुए। महिलाओं एवं बहनों ने सिर पर कलश धारण कर सर्वमंगला मंदिर घाट से जल भरकर यात्रा के साथ कथा स्थल तक पहुंचीं।

कथा स्थल पर विधि-विधान से वेदी पूजन एवं कलश स्थापना के पश्चात महाशिवपुराण कथा का शुभारंभ हुआ। छत्तीसगढ़ अंचल के प्रसिद्ध कथावाचक पंडित कामता प्रसाद जी ने अपने अनूठे अंदाज में भगवान शिव की महिमा का वर्णन करते हुए कथा का रसपान कराया। उनकी भावपूर्ण एवं भक्तिमय वाणी को सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो गए। कथावाचक पंडित कामता प्रसाद शरण जी ने छत्तीसगढ़ी बोली- भाषा में भगवान शिव की महिमा को सुंदर तरीके से श्रद्धालुओं को वर्णन करके बताया।


कथा का आयोजन बलदाऊ पटेल एवं परिवार द्वारा किया जा रहा है। इसके लिए छोटे दशहरा मैदान में भव्य कथा पंडाल का निर्माण कराया गया है। कथा प्रारंभ होते ही पूरा सर्वमंगला नगर शिवभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। चारों ओर ‘हर-हर महादेव’, ‘ओम नमः शिवाय’ एवं ‘श्री शिवाय नमस्तुभ्यं’ के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया।

आयोजन समिति के अनुसार, बुधवार 25 नवंबर को कथा का द्वितीय दिवस होगा। कथा दोपहर 2 बजे से प्रारंभ होकर संध्याकाल तक चलेगी। कार्यक्रम के प्रारंभ दिवस के अवसर पर वार्ड पार्षद रामाधार पटेल, भाजपा नेता माधव प्रसाद जायसवाल, सर्वमंगला मंडल उपाध्यक्ष भानु यादव, रामचरण पटेल,लक्ष्मण पटेल,अशोक पटेल, कन्हैया प्रजापति सहित बड़ी संख्या में ग्राम वासियों की मौजूदगी रही.

