ढेंगुरनाला केस: ₹15 हजार के लेनदेन पर बसंत पटेल को प्रताड़ित करने वाला आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे
कोरबा/ छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस न्यूज़ : “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोरबा पुलिस ने उस आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है जिसने बसंत पटेल को आत्महत्या करने के लिए प्रेरित किया था।

आरोपी नीलकुमार चौहान पिता स्व. घासी राम चौहान, उम्र लगभग 36 वर्ष, निवासी ग्राम महेदी, थाना पामगढ़, जिला जांजगीर-चांपा (छ.ग.)। हाल मुकाम – ढेंगुरनाला कोहड़िया, चौकी सीएसईबी, जिला कोरबा (छ.ग.)
दिनांक 10.05.2026 को ग्राम ढेंगुरनाला कोहड़िया निवासी बसंत पटेल, पिता अशोक पटेल, उम्र लगभग 37 वर्ष, द्वारा आत्मघाती कदम उठाए जाने की सूचना पर पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर विस्तृत जांच प्रारंभ की गई।

जांच के दौरान गवाहों, परिजनों एवं परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर यह तथ्य सामने आया कि आरोपी नीलकुमारी चौहान द्वारा मृतक से ली गई ₹15,000/- की राशि वापस नहीं करना तथा लगातार मानसिक दबाव एवं प्रताड़ना देना घटना का प्रमुख कारण रहा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा सूक्ष्म विवेचना, गवाहों के बयान, तकनीकी विश्लेषण, घटनास्थल निरीक्षण, पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्रित किए गए। फॉरेंसिक जांच एवं वैज्ञानिक प्रमाणों से पुलिस को मामले की कड़ियां जोड़ने एवं आरोपी की भूमिका स्पष्ट करने में महत्वपूर्ण सहायता प्राप्त हुई।
जांच में पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विधिवत गिरफ्तार किया गया तथा न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।





