कोरबा में कांग्रेस का प्रदर्शन: मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
रिपोर्ट : भरत यादव | 7999608199
कोरबा/ छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस: मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों को लेकर कांग्रेस ने सोमवार को कोरबा में जोरदार प्रदर्शन किया। पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल के नेतृत्व में हुए इस आंदोलन में शहर और ग्रामीण इलाकों के सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने रैली निकालकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की और मामले की निष्पक्ष जांच पर जोर दिया। बड़ी संख्या में एकजुट हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट तक रैली निकाली, इस दौरान जमकर नारेबाजी की गई और मुख्य निर्वाचन आयुक्त का पुतला भी फूंका गया।

राष्ट्रपति को सौंपा गया ज्ञापन
प्रदर्शन के पश्चात कांग्रेस नेताओं ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के नाम एक ज्ञापन कलेक्टर कार्यालय में सौंपा। ज्ञापन में स्पेशल इंटिग्रेटेड रिवीजन और मतदाता सूची में किए गए बदलावों की स्वतंत्र समीक्षा की मांग की गई। इसके साथ ही चुनाव आयोग की आईटी और डेटा व्यवस्था की उच्चस्तरीय जांच की भी बात कही गई। पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि मतदाता का वोट लोकतंत्र की असली ताकत है और चुनाव प्रक्रिया पर उठ रहे संदेहों को निष्पक्ष जांच के जरिए दूर किया जाना चाहिए। वहीं, पूर्व विधायक श्यामलाल कंवर ने स्पष्ट किया कि पार्टी संविधान और मताधिकार की रक्षा के लिए अपनी यह लोकतांत्रिक लड़ाई आगे भी जारी रखेगी।

देशभर में विरोध का सिलसिला
सितंबर 2026 के दौरान कांग्रेस द्वारा देश के विभिन्न हिस्सों में निर्वाचन प्रक्रिया और एस आई आर से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं, जिसमें मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग प्रमुखता से उठाई जा रही है। दूसरी ओर, निर्वाचन आयोग का पक्ष है कि एस आई आर -2026 और मतदाता सूची से जुड़ी सेवाएं व जानकारियां उनके आधिकारिक पोर्टल पर पारदर्शिता के साथ उपलब्ध कराई जा रही हैं।




