
देलवाडीह की मुख्य सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे, secl प्रबंधन नहीं दे रहा ध्यान
स्थानीय निवासियों की गुहार पर भी प्रबंधन ने साधी चुप्पी
कोरबा/ छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस : साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) ढेलवाडीह प्रबंधन की उदासीनता और अधिकारियों की अनदेखी का खामियाजा स्थानीयनिवासियों को भुगतना पड़ रहा है। मुख्य मार्ग से ढेलवाडीह गेट की तरफ जाने वाला महत्वपूर्ण मार्ग पिछले तीन-चार सालों से बदहाली के आंसू रो रहा है। सड़क पर हुए बड़े-बड़े जानलेवा गड्ढों के कारण यहां से गुजरने वाले राहगीरों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन सुध लेने वाला कोई नहीं है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि इस बदहाल सड़क ने हर मौसम में उनका जीना मुहाल कर दिया है। सड़क पर बने विशाल गड्ढे बारिश के दौरान पानी से भर जाते हैं, जिससे यह रास्ता किसी बड़े तालाब जैसा नजर आता है। इस दौरान कई दोपहिया वाहन चालक गिरकर चोटिल हो चुके हैं।
गर्मी के दिनों में इन गड्ढों और उखड़ी हुई सड़क के कारण उड़ने वाले धूल के गुब्बारे स्थानीय निवासियों के स्वास्थ्य पर बुरा असर डाल रहे हैं। घरों में रहना और सांस लेना तक दूभर हो गया है।

सिर्फ कोरे आश्वासन, धरातल पर कुछ नहीं
परेशान स्थानीय निवासियों का आरोप है कि इस गंभीर समस्या को लेकर कई बार संबंधित एसईसीएल अधिकारियों का ध्यान आकर्षित कराया गया है। मौखिक शिकायतों से लेकर लिखित पत्राचार तक किया जा चुका है, इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही है। समस्या जस की तस बनी हुई है और समाधान दूर-दूर तक नजर नहीं आ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही एसईसीएल प्रबंधन ने इस मार्ग की सुध नहीं ली और डामरीकरण या मरम्मत का कार्य शुरू नहीं किया, तो स्थानीय रहवासी उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रबंधन की होगी।”


