कोरबा (छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस न्यूज़)। शराब के नशे में आदतन बदमाश ने घर के दरवाजे पर ताला लटका देखा तो उसे चोरी की सूझी और वारदात को अंजाम दे डाला। पुलिस ने साक्ष्यों और तकनीकी आधार पर आरोपी व उसकी मां को गिरफ्तार किया है।
गौरतलब है कि मानिकपुर पुलिस चौकी के अंर्तगत दादरखुर्द मैग्जिनभाठा में किराये के मकान में सपरिवार निवासरत राजू मोदी एसबीआई टीपी नगर रासमेक में मुख्य प्रबंधक कार्यरत है। 06 फरवरी के सुबह 07.30 बजे से 07 फरवरी की रात 01.10 बजे के मध्य उनके सूने घर पर चोरी हो गई। खिड़की के रॉड को काट कर अंदर प्रवेश कर लाखों के जेवरात चोरी कर लिया गया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज कर चोर की तलाश शुरू की गई।
🫵🏻 बाघा ने दिया अहम सुराग, सुलझा मामला
विवेचना के दौरान फोरेंसिक एक्सपर्ट और डॉग बाघा की मदद ली गई। बाघा ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण सुराग हासिल कर लगभग एक से डेढ़ किलोमीटर के दायरे में घूमते हुए आरोपी के बारे में अहम सुराग दिया। इसी आधार पर पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाया तथा उस आसपास क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज को खंगाला। इसमें संदेही नजर आ रहे लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। अंततः आरोपी ने चोरी करना कबूल कर लिया।
👉🏻 चौथे प्रयास में दिया अंजाम
पुलिस ने आरोपी के हवाले से बताया कि घटना दिनांक को आरोपी
युवक शराब पीने के लिए भट्ठी गया था। उसने पिछले महीने ही नई मोटरसाइकिल खरीदा है जिसका किस्त करीब 31000 रुपए भरना था लेकिन आरोपी के पास इसके लिए पैसे नहीं थे। शराब भट्टी से लौटते वक्त उसने उक्त घर के दरवाजे पर ताला लटका हुआ देखा तो चोरी करने का मन बनाया। चोरी करने से पहले उसने इस घर के आसपास समय अंतराल में तीन से चार बार चक्कर लगाया और जब उसे इस बात की पुष्टि हो गई कि यह घर खाली है तब अंधेरे में वारदात को अंजाम दिया।
🫵🏻 मुथूट फाइनेंस में गिरवी रखा हार,जप्त किया गया
विवेचना के दौरान तथ्य सामने आया कि आरोपी द्वारा चोरी किए गए सोने के आभूषण में से एक हार निहारिका क्षेत्र में स्थित “मुथूट फाइनेंस” में आरोपी की मॉं के द्वारा 52 हजार रुपए में गिरवी रखा गया था। पुलिस ने फाइनेंस संस्था से संपर्क कर विधिवत कार्यवाही करते हुए हार जप्त किया। बाकी जेवरात आरोपी के घर से बरामद किए गए।एक लाख 80 हजार रुपए कीमत के जेवरात चोरी के मामले में बरामद आभूषणों का आज के बाजार मूल्य अनुसार कुल अनुमानित मूल्य लगभग 11,11,000/- (ग्यारह लाख ग्यारह हजार रुपये) आंका गया है।
गिरफ्तार आरोपीगण
1️⃣ संजय वैष्णव उर्फ गोलू पिता दानेश्वर प्रसाद वैष्णव, उम्र 31 वर्ष, 2️⃣ मॉं लव कुमारी वैष्णव पति दानेश्वर प्रसाद वैष्णव 50 वर्ष
निवासी निहारिका साडा कॉलोनी, क्वार्टर नंबर D-18, थाना–सिविल लाइन, रामपुर। उक्त आरोपियों के विरुद्ध धारा 331(4), 305(1), 317(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। आरोपी संजय वैष्णव उर्फ गोलू के विरुद्ध पूर्व में भी चोरी, नकबजनी एवं बलात्कार जैसे गंभीर अपराधों के प्रकरण थाना बालकोनगर, सिविल लाइन रामपुर एवं कोतवाली कोरबा में पंजीबद्ध रहे हैं। मामले को सुलझाने में एसपी सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, सीएसपी कोरबा प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन व मानिकपुर चौकी प्रभारी एसआई परमेश्वर राठौर के नेतृत्व में टीम की अहम भूमिका रही।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

