कटघोरा में ‘किसान मेले’ का जलवा: सजीं दुकानें और झूले, सपरिवार उमड़ रही भारी भीड़
छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस /भरत यादव
कोरबा / कटघोरा: ऊर्जाधानी के कटघोरा में इन दिनों ‘किसान मेले’ की जबरदस्त धूम मची हुई है। लगभग एक महीने तक चलने वाले इस पारंपरिक मेले में क्षेत्र के साथ-साथ दूर-दराज के ग्रामीण इलाकों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। रविवार की छुट्टी के दिन मेले में रिकॉर्ड तोड़ भीड़ दर्ज की गई, जिससे पूरा मेला परिसर खचाखच भरा नजर आया।
26 जनवरी से शुरू हुआ मेला
बता दें 26 जनवरी से शुरू हुआ यह वार्षिक मेला क्षेत्रवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। मेले में बड़ी संख्या में लोग सपरिवार पहुंच रहे हैं और विविध आयोजनों का लुत्फ उठा रहे हैं।
मनोरंजन का संगम: जलपरी और मौत का कुआं बने आकर्षण
मेले में इस वर्ष विभिन्न प्रकार के स्टॉल और झूले लगाए गए हैं। बच्चों और युवाओं के बीच ‘जलपरी’ और ‘मौत का कुआं’ विशेष रूप से चर्चा में हैं। इसके अलावा, लजीज व्यंजनों के स्टॉल्स और घरेलू सामानों की दुकानों पर जमकर खरीदारी हो रही है। सामान्य दिनों की तुलना में शनिवार और रविवार को छुट्टी होने के कारण मेला ग्राउंड में तिल रखने की जगह भी नहीं बच रही है। यह मेला पूरे एक माह तक जारी रहेगा।

बाजारों की रौनक और झूलों का आनंद
मेले में कदम रखते ही सजी-धजी दुकानों की कतारें और विभिन्न प्रकार के झूलों का शोर उत्सव के माहौल को दोगुना कर देता है। जहाँ एक तरफ लोग मेले में लगी सामग्रियों के दुकानों से सामानों की खरीदारी कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ बच्चे और युवा बड़े-बड़े झूलों का लुत्फ उठा रहे हैं। खान-पान के स्टॉल्स पर भी चटपटे व्यंजनों का स्वाद लेने वालों की भारी भीड़ जुट रही है।

रोमांच की पराकाष्ठा:’मौत का कुआं’ बना मुख्य आकर्षण
इस वर्ष मेले में सबसे ज्यादा आकर्षण का केंद्र ‘मौत का कुआं’ बना हुआ है। लकड़ी के इस विशाल कुएं में जब एक साथ 4 मोटरसाइकिल सवार और 2 कारें अपनी रफ्तार भरते हैं, तो दर्शकों की सांसें थम जाती हैं।
गगनभेदी आवाज और गुरुत्वाकर्षण को चुनौती देते इन करतबों को देखकर लोग दांतों तले उंगली दबा लेते हैं। हालांकि यह काम बेहद जोखिम भरा और खतरनाक है, लेकिन सधे हुए और अनुभवी एक्सपर्ट कलाकारों द्वारा इसे इतनी सफाई से अंजाम दिया जाता है कि लोग तालियां बजाने पर मजबूर हो जाते हैं।

एक महीने तक चलेगा उत्सव
जानकारी अनुसार यह मेला अगले कुछ हफ्तों तक जारी रहेगा। मेले में लगातार भीड़ मौजूद रहती है आसपास के ग्रामवासी अपने परिवार समेत मेला घूमने पहुंच रहे हैं। ज्ञात रहे या मेल प्रतिवर्ष लगाया जाता है यहाँ लगने वाला मेला इस क्षेत्र में काफी प्रसिद्ध है। यही कारण है यहां काफी भीड़ होती है।

