कोरबा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध स्क्रैप यार्ड पर छापा, 30 लाख का चोरी का लोहा जब्त, यार्ड सील


कोरबा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध स्क्रैप यार्ड पर छापा, 30 लाख का चोरी का लोहा जब्त, यार्ड सील

 भरत यादव: 7999 608199

कोरबा/छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस:  जिले में अपराधों पर लगाम कसने और अवैध गतिविधियों को जड़ से मिटाने के लिए पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में उरगा पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और अनुविभागीय अधिकारी के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने ग्राम बरबसपुर बायपास रोड स्थित एक अवैध स्क्रैप यार्ड पर छापेमारी की।

भारी मात्रा में सामान बरामद

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इस यार्ड में चोरी के वाहनों (हाइवा, ट्रेलर और ट्रक) के पुर्जे और भारी मात्रा में लोहे का सामान छिपाकर रखा गया है। सूचना मिलते ही पुलिस और संबंधित विभागों की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी। जांच के दौरान यार्ड संचालक नूर आलम (33 वर्ष), निवासी टी.पी. नगर, कोई भी वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका।

30 लाख का सामान जब्त और यार्ड सील

दस्तावेजों के अभाव में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मौके से लगभग 1200 टन लोहे का सामान, जिसमें ट्रेलर की मंडी और डाला बॉडी शामिल हैं, जब्त किया है। जब्त किए गए सामान की अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये आंकी गई है। नगर निगम की टीम ने पंचनामा तैयार कर यार्ड को पूरी तरह सीलबंद कर दिया है।

सख्त कार्रवाई जारी रहेगी

इस मामले में पुलिस द्वारा अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। कोरबा पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि अवैध गतिविधियों और चोरी के कारोबार में शामिल अपराधियों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।