रेस्क्यू: हरदी बाजार में कुएं के भीतर फंसा था जहरीला ‘अहिराज’…. जितेंद्र सारथी ने सुरक्षित निकाला


रेस्क्यू: हरदी बाजार में कुएं के भीतर फंसा था जहरीला ‘अहिराज’…. जितेंद्र सारथी ने सुरक्षित निकाला

 भरत यादव/ छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस

कोरबा (छत्तीसगढ़) : कोरबा अपनी समृद्ध जैव-विविधता और दुर्लभ वन्यजीवों के लिए एक बार फिर चर्चा में है। जिले के हरदी बाजार गांव में एक दुर्लभ और अत्यंत विषैले Banded Krait (अहिराज) सांप के सफल रेस्क्यू ने न केवल एक जीव की जान बचाई, बल्कि वन्यजीव संरक्षण की दिशा में जागरूकता का संदेश भी दिया।

दो दिन तक कुएं में संघर्ष

हरदी बाजार निवासी दीपक टंडन के घर के कुएं में दो दिन पूर्व एक अहिराज सांप गिर गया था। परिजनों ने पहले उसे बचाने के लिए कुएं में बाल्टी लटकाई ताकि वह स्वयं बाहर निकल सके, लेकिन सफलता नहीं मिली। जब सांप दूसरे दिन भी कुएं में तैरता मिला, तो परिवार ने बिना देरी किए वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम (नोवा नेचर) को इसकी सूचना दी।

रणनीतिक रेस्क्यू ऑपरेशन

सूचना मिलते ही रेस्क्यूअर जितेंद्र सारथी ने कटघोरा डीएफओ श्री कुमार निशांत को अवगत कराया। उनके मार्गदर्शन में टीम सुबह 6 बजे ही 34 किमी दूर घटनास्थल के लिए रवाना हुई। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद, तय प्रोटोकॉल का पालन करते हुए सांप को सुरक्षित बाल्टी के माध्यम से बाहर निकाला गया और थैले में बंद किया गया।

विशेषज्ञ की राय: पारिस्थितिकी तंत्र का रक्षक

रेस्क्यू के बाद जितेंद्र सारथी ने ग्रामीणों को जानकारी देते हुए बताया:अहिराज (Banded Krait) एक अत्यंत विषैला सांप है, लेकिन इसका स्वभाव बहुत शांत होता है। यह मुख्य रूप से अन्य सांपों को खाकर उनकी आबादी को नियंत्रित करता है और जैव-विविधता बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।”

अधिकारियों का संदेश और कानूनी प्रावधान

डीएफओ कुमार निशांत ने जनता से अपील करते हुए कहा वन्य जीव हमारे पर्यावरण के अभिन्न अंग हैं। अहिराज जैसे दुर्लभ प्राणी हमारी धरोहर हैं। ये तब तक नुकसान नहीं पहुँचाते जब तक इन्हें छेड़ा न जाए। ऐसे जीवों के दिखने पर उन्हें मारें नहीं, बल्कि तत्काल वन विभाग को सूचित करें

सफल रेस्क्यू के बाद सांप का पंचनामा तैयार कर उसे उसके प्राकृतिक आवास (जंगल) में सुरक्षित छोड़ दिया गया। इस सफल अभियान के लिए स्थानीय ग्रामीणों ने वन विभाग और रेस्क्यू टीम का आभार व्यक्त किया।