ट्रैफिक सिस्टम ध्वस्त: घंटों जाम में फंसी रहीं एंबुलेंस व स्कूल बसें, खेल छोड़ सड़कों पर उतरे युवाओं ने खाली कराया रास्ता
कुसमुंडा क्षेत्र में लग रहे घंटों जाम से लोग हो रहे हैं परेशान

कोरबा/ छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस. News : जिले के कुसमुंडा-दीपका क्षेत्र में एक बार फिर बदहाल यातायात व्यवस्था के कारण आमजन को भारी फजीहत का सामना करना पड़ा। बीते सोमवार शाम से लगा भीषण जाम मंगलवार की सुबह तक जारी रहा। बारिश के कारण खदान के अंदर सर्वर ठप्प होने और भारी वाहनों की लंबी कतारों के चलते इमली छापर, बांकीमोंगरा, दीपका व हरदीबाजार मार्ग पर हजारों यात्री, एंबुलेंस, स्कूल बसें और दोपहिया वाहन घंटों फंसे रहे।

जब प्रशासनिक अमला नदारद दिखा, तब विकास नगर जेआरसी मैदान में क्रिकेट खेल रहे खिलाड़ियों ने मैच छोड़ कमान संभाली। विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष अमरजीत सिंह के नेतृत्व में करीब दर्जनभर युवाओं ने इमली छापर चौक से कुचेना मोड़ तक पैदल चलकर बेतरतीब खड़े भारी वाहनों को कतारबद्ध कराया और हल्के वाहनों व स्कूली बच्चों की गाड़ियों को सुरक्षित बाहर निकाला। घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद यातायात बहाल हो सका।

इन कारणों से बन रहे हैं नरक जैसे हालात
इमली छापर चौक से कुचेना की ओर सड़क बेहद सकरी है। लक्ष्मण नाले के पास बने संकीर्ण पुल से एक समय में केवल एक ही ट्रेलर गुजर पाता है। बारिश के चलते खदान के भीतर सर्वर डाउन होने से कोयला लोड करने आए भारी वाहनों की कई किलोमीटर लंबी लाइन बाहर मुख्य मार्ग तक लग जाती है। फोरलेन का काम पिछले दो वर्षों से ठप्प पड़ा है। वहीं इमली छापर चौक पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज का काम बंद होने से स्थिति और विकराल हो गई है।

सड़क निर्माण का नया टेंडर रायपुर की एजेंसी को दिया जा चुका है। बारिश के कारण काम रुका हुआ है। मानसून बीतते ही सबसे पहले लक्ष्मण नाले पर नए पुल का निर्माण शुरू कराया जाएगा।
लोक निर्माण विभाग (PWD) अधिकारी



