सत्य, धर्म और भक्ति के मार्ग पर चलकर ही मानव जीवन को सार्थक किया जा सकता है: मंत्री लखन लाल देवांगन
सर्वमंगला नगर में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा महापुराण में शामिल हुए मंत्री लखन लाल देवांगन, महापौर संजू देवी राजपूत

कोरबा। छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस/ नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत सर्वमंगला नगर में इन दिनों भक्ति और आध्यात्म का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। जायसवाल परिवार के तत्वाधान में आयोजित ‘श्रीमद् भागवत कथा महापुराण’ के दूसरे दिन का आयोजन अत्यंत भव्य और भक्तिमय रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा का रसपान कर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं।

संस्कारों का स्रोत है कथा: मंत्री लखन लाल देवांगन
कार्यक्रम के दूसरे दिन प्रदेश के छत्तीसगढ़ के वाणिज्य एवं उद्योग, आबकारी और श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने विशेष रूप से शिरकत की। श्री देवांगन ने कथा व्यास पीठ पर आसीन परम पूज्य महाराज प्रेमशंकर चौबे जी से आशीर्वाद प्राप्त किया साथ ही कथा पंडाल में बैठकर पूरी श्रद्धा के साथ व्यास पीठ से चल रही श्रीमद् भागवत कथा का श्रवण किया।
इस अवसर पर अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा, “ऐसे धार्मिक आयोजन न केवल धर्म का प्रचार करते हैं, बल्कि नई पीढ़ी में उत्तम संस्कार और संस्कृति का बीजारोपण भी करते हैं। समाज में सद्भाव और सकारात्मकता लाने में श्रीमद् भागवत कथा जैसे आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका है।”सत्य, धर्म और भक्ति के मार्ग पर चलकर ही मानव जीवन को सार्थक किया जा सकता है।”

श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन जनमानस के लिए कल्याणकारी : महापौर
कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित शहर की महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने कहा कि श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन अत्यंत सुंदर और प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा, श्रीमद् भागवत कथा हमें जीवन जीने की कला सिखाती है। यह हमें अपने व्यवहार में सुधार और सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए प्रेरित करती है। निश्चित रूप से ऐसे आयोजन जनमानस के लिए कल्याणकारी हैं।

कथा श्रवण करने बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं श्रोतागण
कथा के दौरान पूरा वातावरण धर्ममय रहा। श्रद्धालु भक्ति भाव में सराबोर नजर आए और पंडाल जय श्री कृष्णा के उद्घोष से गुंजायमान रहा। आयोजन समिति और जायसवाल परिवार द्वारा मंत्री लखन लाल सहित अतिथि गणों का आत्मीय स्वागत किया गया।
इस दौरान मंत्री लखन लाल देवांगन और महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत के साथ पार्षद नरेंद्र देवांगन, पार्षद रामाधार पटेल, प्रफुल्ल तिवारी, नरेंद्र पाटनवार, आकाश श्रीवास्तव अनिल यादव दीपक सिंह रामधन पांडे भानु यादव आयोजन कर्ताओं में माधव प्रसाद जायसवाल, श्रीमती भानुमति जायसवाल, हीरेंद्र जायसवाल के अलावा बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी नागरिक उपस्थित रहे।



