कोरबा: बरबसपुर में शराब दुकान खोलने के खिलाफ उग्र हुए ग्रामीण, चक्काजाम और जनआंदोलन की दी चेतावनी
छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस न्यूज़/ कोरबा –जिले के ग्राम बरबसपुर में प्रस्तावित मदिरा दुकान (दारू भट्ठी) को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में भारी असंतोष और आक्रोश का माहौल है। शराब दुकान खोले जाने की योजना को निरस्त करने की मांग को लेकर बरबसपुर, भिलाई खुर्द, कर्रानाला और आसपास के ग्रामीणों ने कलेक्टर को पत्र सौंपकर कड़ी चेतावनी दी है।

पूर्व में भी दे चुके हैं शिकायत पत्र
ग्रामीणों ने बताया कि इससे पहले 28 जुलाई 2026 को भी उन्होंने कलेक्ट्रेट पहुंचकर इस संबंध में आपत्ति दर्ज कराई थी। शिकायत पत्र में स्पष्ट रूप से अनुरोध किया गया था कि जनहित, कानून-व्यवस्था और सामाजिक माहौल को ध्यान में रखते हुए बरबसपुर में किसी भी कीमत पर मदिरा दुकान न खोली जाए।
1 अगस्त से दुकान खुलने की खबर पर भड़का गुस्सा
ग्रामीणों का कहना है कि इसके बावजूद 1 अगस्त 2026 से गांव में शराब दुकान शुरू किए जाने की जानकारी सामने आ रही है। इस सूचना से आसपास के कई गांवों में भारी आक्रोश फैल गया है।

चक्काजाम और आंदोलन का अल्टीमेटम
कलेक्टर को दिए गए आवेदन में ग्रामीणों ने मांग की है कि बरबसपुर में प्रस्तावित शराब दुकान को तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाए। यदि 1 अगस्त से शराब दुकान शुरू की जाती है, तो प्रभावित ग्रामीण लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से जनआंदोलन, धरना-प्रदर्शन और चक्काजाम करने के लिए मजबूर होंगे। इस दौरान यदि कानून-व्यवस्था बिगड़ती है, तो इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। ग्रामीणों ने मांग की है कि जनभावनाओं और लोकहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इस प्रक्रिया पर तुरंत रोक लगाई जाए।
इन अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को भेजी गई प्रतिलिपि
यह ज्ञापन केवल जिलाध्यक्ष को ही नहीं, बल्कि आबकारी मंत्री (लखन लाल देवांगन), अनुविभागीय अधिकारी (तहसील – कोरबा), आयुक्त नगर निगम कोरबा, आबकारी अधिकारी, पुलिस अधीक्षक (SP) कोरबा और थाना प्रभारी उरगा को भी प्रेषित किया गया है।



