INDIA: कहते हैं कि शौक का कोई मोल नहीं होता और आंध्र प्रदेश के एक व्यक्ति ने इसे सच साबित कर दिखाया है। जहां 2 करोड़ रुपये में कई आलीशान घर या लग्जरी गाड़ियां खरीदी जा सकती हैं, वहीं इस शख्स ने यह भारी-भरकम रकम सिर्फ अपनी गाड़ी के एक खास नंबर के लिए खर्च कर दी है। इसके साथ ही ‘DDC 001’ भारत का अब तक का सबसे महंगा बिकने वाला वाहन नंबर बन गया है।
ऐतिहासिक नीलामी और 2 करोड़ का ‘VIP 001’ नंबर
लग्जरी कारों की दुनिया के बड़े नाम ‘बिग बॉय टॉयज’ (BBT) ने हाल ही में अपना नया ऑक्शन हाउस (नीलामी घर) शुरू किया है। अपने पहले ही आयोजन में इस प्लेटफॉर्म ने एक बड़ा रिकॉर्ड कायम किया। गुंटूर के रहने वाले किरण कोलपाकुला ने 2.08 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड बोली लगाकर DDC 001 नंबर प्लेट को अपने नाम कर लिया। इससे पहले यह खास नंबर खुद BBT के मालिक जतिन अहूजा के पास था।