अधूरे ओवर ब्रिज को लेकर भाजपा सर्वमंगला मंडल का अल्टीमेटम : 15 दिनों में काम शुरू नहीं हुआ तो होगा उग्र आंदोलन

कोरबा/ छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस: ईमलीछापर से कुसमुंडा क्षेत्र के बीच प्रस्तावित ओवरब्रिज का निर्माण कार्य लंबे समय से अधुरा पड़ा होने के कारण स्थानीय जनता में भारी रोष है। इस गंभीर समस्या को लेकर भारतीय जनता पार्टी (सर्वमंगला मंडल, कोरबा) के अध्यक्ष मनीष मिश्रा ने जिला कलेक्टर को पत्र सौंपकर निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराने की मांग की है। सर्वमंगला मंडल के वार्ड पार्षद 61 श्रीमती भानुमति जायसवाल, वार्ड पार्षद 62 रामाधार पटेल, वार्ड क्रमांक 64 पार्षद आरती सिंह, वार्ड क्र 65 पार्षद प्रेम कुमार साहू ने मंडल अध्यक्ष मनीष मिश्रा का समर्थन किया है।


जनता की बढ़ती मुश्किलें
पत्र के माध्यम से बताया गया कि ओवरब्रिज का काम रुकने से क्षेत्र की आम जनता, विशेषकर श्रमिकों, विद्यार्थियों और व्यापारियों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। अधूरे निर्माण के कारण आए दिन यातायात बाधित रहता है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। बारिश के मौसम में स्थिति और भी भयावह हो जाती है।

प्रशासनिक लापरवाही पर सवाल
भाजपा मंडल अध्यक्ष मनीष मिश्रा ने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य सरकार द्वारा इस प्रोजेक्ट के लिए पर्याप्त बजट और फंड स्वीकृत किए जाने के बावजूद संबंधित विभाग और ठेकेदार की घोर लापरवाही के कारण कार्य अटका हुआ है। पत्र में मांग की गई है कि ओवरब्रिज का निर्माण कार्य प्राथमिकता के आधार पर तुरंत शुरू किया जाए। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और ठेकेदारों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए।

15 दिन की समय सीमा
भाजपा ने प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि अगले 15 दिनों के भीतर धरातल पर कार्य प्रारंभ नहीं होता है, तो भारतीय जनता पार्टी सर्वमंगला मंडल द्वारा आम जनता के सहयोग से **उग्र जन आंदोलन** किया जाएगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।


