पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में पुलिस की दबिश, सट्टा खिलाते 7 आरोपी गिरफ्तार
कोरबा। शहर में अवैध सट्टा-जुआ कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग स्थानों से सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1,350 रुपये नगद सहित सट्टा-पट्टी लिखने में इस्तेमाल की जाने वाली डायरी, रजिस्टर, कॉपियां, पेन और मोबाइल में मौजूद सट्टे से संबंधित स्क्रीनशॉट जब्त किए हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले में अवैध सट्टा-जुआ एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में 25 नवंबर को पुलिस पेट्रोलिंग के दौरान मिली मुखबिर सूचना के आधार पर कोतवाली पुलिस ने पुराना बस स्टैंड एवं आसपास के क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी। इस दौरान सट्टा-पट्टी लिखकर अवैध रूप से सट्टा खिलाते हुए सात लोगों को पकड़ा गया।
गिरफ्तार आरोपियों में चिंटू केवट (21), सुजल चौहान (20), मेवालाल चौहान (38), भानु यादव (21), घासीदास (56), पप्पू सिंह (55) एवं भंवर सिंह केवट (58) शामिल हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम, 2022 की धारा 6(क) के तहत वैधानिक कार्रवाई की है। कोतवाली पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध सट्टा कारोबार में संलिप्त लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।


