रायपुर में बड़ा औद्योगिक हादसा: 3D फैक्ट्री में भीषण ब्लास्ट, 3 मजदूरों की मौत, कई घायल
रायपुर / छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस. News : राजधानी रायपुर के औद्योगिक क्षेत्र उरला से एक बेहद दर्दनाक और बड़ा हादसा सामने आया है। उरला थाना क्षेत्र के बेंद्री स्थित ‘3D फैक्ट्री’ में मंगलवार को अचानक एक भीषण विस्फोट हो गया। इस धमाके की चपेट में आने से प्रारंभिक जानकारी के अनुसार 2 से 3 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई है, जबकि कई अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
धमाके से कांपा इलाका, मची अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, धमाका इतना जोरदार था कि इसकी आवाज दूर तक सुनी गई और देखते ही देखते पूरी फैक्ट्री में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही उरला थाना पुलिस समेत जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और राहत-बचाव दल (SDRF) तुरंत मौके पर पहुंचे। मलबे और फैक्ट्री परिसर से घायलों को निकालकर तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है, जहाँ कुछ की हालत नाजुक बनी हुई है।

ऑक्सीजन सिलेंडर फटने की आशंका, जांच शुरू
शुरुआती जांच और सूत्रों के हवाले से खबर है कि यह हादसा फैक्ट्री के भीतर ऑक्सीजन सिलेंडर फटने की वजह से हुआ है। हालांकि, प्रशासन और पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस और फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीमें घटनास्थल पर मौजूद हैं और ब्लास्ट के असली कारणों की बारीकी से जांच की जा रही है।
हादसे के बाद फैक्ट्री प्रबंधन फरार
घटना के बाद से ही स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा के लिहाज से पूरी फैक्ट्री और आसपास के इलाके को घेर लिया है। हैरान करने वाली बात यह है कि इतना बड़ा हादसा होने के बाद भी फैक्ट्री प्रबंधन का कोई भी जिम्मेदार अधिकारी या मालिक मौके पर नहीं मिला। घटना के बाद से ही वे लापता बताए जा रहे हैं, जिसे लेकर मजदूरों और स्थानीय लोगों में आक्रोश है।
फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। जिला प्रशासन और अस्पताल प्रबंधन की ओर से मृतकों व घायलों के सटीक आंकड़ों और उनकी पहचान की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।


