राज ज्वेलर्स छुरी लूटकांड का खुलासा: जेल में बनी थी गैंग, दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने किया मामले का खुलासा एक आरोपी अभी भी फरार
कोरबा /छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस. News : सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने छुरी स्थित राज ज्वेलर्स में हुई सनसनीखेज लूट के प्रयास का खुलासा किया है। पुलिस अधीक्षक ने प्रेस वार्ता में बताया कि मामले में दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि उनका एक साथी अब भी फरार है।

महिला का भेष धरकर पहुंचे थे लुटेरे
शिकायतकर्ता राजकुमार अग्रवाल के मुताबिक, 1 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 1 बजे बिना नंबर की बाइक से तीन नकाबपोश जिसमें एक महिला के भेष में था ग्राहक बनकर दुकान में घुसे। चांदी की अंगूठी देखने के बहाने आरोपियों ने दुकानदार पर देशी कट्टा तान दिया और आंख में मिर्च पाउडर डालने की कोशिश की। इस बीच बाहर भीड़ जुटती देख आरोपी घबरा गए और कट्टा व चोरी की मोटरसाइकिल चेचिस नंबर: MD2B77AX2PWC03386 मौके पर ही छोड़कर भाग निकले।
100 से अधिक CCTV खंगाले, जंगलों में दी दबिश
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और सायबर सेल की मदद से आरोपियों का पीछा किया। आरोपी पुलिस से बचने के लिए जंगल के रास्तों का इस्तेमाल कर रहे थे। पुलिस टीम ने जशपुर, पत्थलगांव, धरमजयगढ़, सीतापुर और अंबिकापुर में दबिश देकर आखिरकार दो आरोपियों को धर दबोचा।
जेल में रची गई थी लूट की साजिश
पकड़े गए आरोपियों की पहचान गोपाल सिंह गोंड (38 वर्ष) निवासी घुचापुर और परदेशी राठिया (40 वर्ष) निवासी जशपुर/श्यांग के रूप में हुई है, जबकि विष्णु प्रसाद राठिया निवासी करतला फिलहाल फरार है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि तीनों आरोपी पूर्व में हत्या और दुष्कर्म जैसे गंभीर मामलों में जेल में बंद थे। जेल के भीतर ही तीनों में दोस्ती हुई और उन्होंने बाहर निकलकर बड़ी लूट को अंजाम देने का मास्टर प्लान तैयार किया था। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 237/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(6), 61(2)(क) और 25 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है। इस त्वरित कामयाबी पर पुलिस टीम की सराहना की गई है।


