महाशिवपुराण कथा में गूंजा श्रीराम जन्मोत्सव का प्रसंग, शिवभक्ति में सराबोर हुआ सर्वमंगला नगर
शिव और श्रीराम की महिमा का हुआ गुणगान, महाशिवपुराण कथा में शामिल हुए विधायक प्रेमचंद पटेल
कोरबा / छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस : सर्वमंगला नगर के छोटे दशहरा मैदान में आयोजित सात दिवसीय महाशिवपुराण कथा में श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह देखते ही बन रहा है। कथा का आयोजन बलदाऊ पटेल एवं परिवार के द्वारा किया जा रहा है। कथा के तीसरे दिवस भी कथा पंडाल श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा। व्यासपीठ पर विराजमान प्रसिद्ध कथा वाचक पंडित कामता प्रसाद शरण जी ने अपने मुखारविंद से भगवान भोलेनाथ और भगवान श्री रामचंद्र जी की महिमा का भावपूर्ण वर्णन करते हुए श्रद्धालुओं को धर्म के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।

कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल हुए शामिल
कार्यक्रम के तीसरे दिन कटघोरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रेमचंद पटेल भी कथा स्थल पहुंचे। उन्होंने सर्वप्रथम व्यासपीठ को प्रणाम कर कथावाचक पंडित कामता प्रसाद शरण का आशीर्वाद प्राप्त कर महाशिवपुराण कथा का श्रवण किया। इस दौरान विधायक जी के साथ में मन्नू राठौर भी मौजूद रहे।

श्री राम जन्मोत्सव
तीसरे दिन के प्रमुख प्रसंग और कथा का सार नारद मोह एवं शीलनिधि प्रसंग और भगवान श्रीरामचंद्र महाराज के जन्मोत्सव रहा। कथावाचक ने नारद मोह और राजा शीलनिधि के प्रसंग का अत्यंत रोचक और भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने बताया कि अहंकार और मोह मनुष्य के विवेक को हर लेते हैं। जब ज्ञानी मुनि नारद को भी अपने तप का अभिमान हो गया, तब भगवान शिव की लीला से उनका मोहभंग हुआ।कथा में बताया गया कि भगवान शिव और श्री हरि विष्णु में कोई भेद नहीं है। राजा दशरथ द्वारा पुत्रेष्टि यज्ञ संपन्न कराने के पश्चात जब अग्निदेव ने दिव्य पायस (खीर) प्रदान किया, तो कौशल्या, कैकेयी और सुमित्रा ने उसका पान किया। इसके परिणामस्वरूप माता कौशल्या के गर्भ से मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम का अवतार हुआ। माता कैकेयी के गर्भ से त्याग और भक्ति के प्रतीक भरत जी का जन्म हुआ। माता सुमित्रा के गर्भ से शेषनाग के अवतार लक्ष्मण जी और शत्रुघ्न जी ने जन्म लिया।चारों भाइयों के जन्म से पूरी अयोध्यापुरी में आनंद और उत्सव का माहौल बन गया। कथावाचक ने समझाया कि भगवान शिव सदैव श्री राम नाम के जाप में लीन रहते हैं, इसलिए शिवकथा के दौरान राम जन्म का प्रसंग अत्यंत पुण्यदायी रहता है।
कथा पंडाल में बड़ी संख्या में उपस्थित रहे श्रद्धालु
कथा के तृतीय दिवस कथा पंडाल में बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा सुनने पहुंचे हुए थे पूरा पंडाल खचाखच भरा हुआ था महिलाओं की संख्या अत्यधिक रही… जैसे-जैसे लोगों को जानकारी हो रही है कि पंडित कामता प्रसाद शरण के द्वारा भगवान शिव की महिमा का गायन किया जा रहा है शिव पुराण कथा हो रहा है तैसे तैसे भीड़ बढ़ती जा रही है आने वाले दिनों में और भी भीड़ बढ़ने की उम्मीद चढ़ाई जा रही है।



