कोरबा में राखड़ डेम हादसा: मजदूर की मौत, भाजपा नेता राजेश यादव ने एच टी पी पी प्रबंधन को बताया जिम्मेदार
कोरबा। छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस: जिले के एच टी पी पी प्लांट से लगे ग्राम डब स्थित राखड़ डेम का तटबंध अचानक टूटने से बड़ा हादसा हो गया। रविवार दोपहर हुए इस हादसे में काम कर रहा एक जेसीबी ऑपरेटर राख के मलबे में दब गया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार डेम के एक हिस्से में अचानक दबाव बढ़ा और देखते ही देखते राख का सैलाब बह निकला, जिसकी चपेट में जेसीबी मशीन सहित ऑपरेटर दब गया। आसपास मौजूद लोगों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन दबाव अधिक होने के कारण सफलता नहीं मिल सकी।

इस घटना को लेकर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश सह संयोजक एवं बिलासपुर संभाग प्रभारी झुग्गी झोपड़ी राजेश यादव ने एच टी पी पी प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि राखड़ डेम का बार-बार फटना प्रबंधन की घोर लापरवाही को दर्शाता है।
श्री यादव ने मांग की कि मृतक मजदूर की शीघ्र शिनाख्त कर उसके परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाए तथा परिवार के एक सदस्य को नौकरी प्रदान की जाए। लापरवाही बरतने वाले के ऊपर मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया जाए।उन्होंने यह भी कहा कि पूर्व में भी डेम का पाइप फटने से किसानों के खेतों में राखड़ भर गया था, जिससे भारी नुकसान हुआ था, लेकिन प्रबंधन ने उससे कोई सबक नहीं लिया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी औद्योगिक केंद्रों में मजदूरों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए, लेकिन लगातार हो रही लापरवाही बेहद निंदनीय और चिंताजनक है। यदि समय रहते सुरक्षा व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो भविष्य में और भी बड़े हादसे हो सकते है।



