
सर्वमंगला नगर में माताओं ने रखा हलषष्ठी व्रत, संतान की दीर्घायु के लिए की पूजा-अर्चना
कोरबा। छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस. News : सर्वमंगला नगर में हलषष्ठी (कमरछठ) का पर्व असीम श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। क्षेत्र की माताओं ने अपने पुत्रों की दीर्घायु, निरोगी काया और सुख-समृद्धि की कामना को लेकर दिनभर निर्जला उपवास रखा तथा विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न की। सर्व मंगला नगर क्षेत्र में दुरपा,बरमपुर, एसजीपी कॉलोनी, दुल्लापुर, आजाद नगर, संगम चौक, महंत मोहल्ला, बरेठ मोहल्ला, शांति मोहल्ला आदि में माताओ ने अपने संतान के लिए विधि विधान से पूजन पाठ संपन्न किया।

तैयारियों के साथ निभाई गई परंपराएं हलषष्ठी व्रत को लेकर माताओं में सुबह से ही विशेष उत्साह देखा गया। पूजा के लिए महिलाओं ने पहले से ही सभी आवश्यक सामग्रियां जुटा ली थीं। मान्यता अनुसार इस पूजन में बिना हल चले अनाज और पसहर चावल का उपयोग किया जाता है। माताओं ने विशेष रूप से छह प्रकार की भाजी (शाक) और बिना हल जुते उत्पन्न अनाज को एकत्रित कर सगरी (छोटा तालाब) बनाकर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजन पाठ किया।
कथा श्रवण कर मांगा संतान की लंबी उम्र का वरदान पूजन स्थल पर एकत्र होकर माताओं ने हलषष्ठी व्रत की प्रामाणिक कथा सुनी और भगवान शिव, माता पार्वती तथा षष्ठी देवी से अपने बच्चों के कल्याण की प्रार्थना की। कथा के समापन पर आरती की गई और उपस्थित श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। महिलाओं का कहना है कि कमरछठ का यह व्रत अत्यंत कठिन और फलदायी माना जाता है। पुत्रों के जीवन में आने वाले संकटों को दूर करने और उनकी रक्षा के लिए यह व्रत युगों-युगों से माताओं द्वारा पूरी निष्ठा के साथ धारण किया जाता आ रहा है। शाम को पूजन उपरांत माताओं ने पसहर चावल और छह प्रकार की भाजी का प्रसाद ग्रहण कर अपना व्रत पूर्ण किया।



