सर्वमंगला नगर : स्वामी आत्मानंद स्कूल में सरस्वती साइकिल योजना के तहत छात्राओं को मिली साइकिल, चेहरे खिले
अतिथियों ने कहा— ‘किताबों से दोस्ती करें, मोबाइल से रहें दूर’

कोरबा। छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस न्यूज़: स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय हाई स्कूल दुरपा में सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत बालिकाओं को नि:शुल्क साइकिल वितरण का आयोजन किया गया। साइकिल पाकर छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि एमआईसी सदस्य श्रीमती भानुमति जायसवाल, विशिष्ट अतिथि वार्ड क्र. 62 के पार्षद रामाधार पटेल, सर्वमंगला नगर मंडल भाजपा उपाध्यक्ष भानु प्रताप यादव, वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता रामधन पाण्डेय तथा समाजसेवी बब्बू खान द्वारा मां सरस्वती के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। मुख्य अतिथि श्रीमती भानुमति जायसवाल ने छात्राओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि साइकिल मिलने से अब स्कूल आने-जाने में आसानी होगी, इसलिए वे हर दिन नियम से विद्यालय आएं। पार्षद रामाधार पटेल ने बच्चों को सलाह दी कि वे स्कूल में पढ़ाई करने के साथ-साथ घर पर भी अपने अध्ययन को अधिक से अधिक समय दें।
भानुप्रताप यादव ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा, “हमेशा किताबों से जुड़े रहें और मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से दूर रहें।”
रामधन पाण्डेय एवं बब्बू खान ने सभी बालिकाओं को साइकिल मिलने पर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार की ओर से प्राचार्य वाय. हेमलता, गोरेलाल यादव, अनिल भारद्वाज, अनीता राठौर, पुष्पलता कर्साल और कामिनी भार्गव मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का सफल मंच संचालन विद्यालय के वरिष्ठ व्याख्याता अरुण चौधरी ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं में उपस्थित रहे।



