सावन के पहले दिन से ही शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़, गुंजा हर हर महादेव
कोरबा / छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस न्यूज़: सावन के पावन और पवित्र महीने की शुरुआत होते ही समूचा जिला शिवमय हो गया है। भगवान भोलेनाथ की विशेष पूजा-अर्चना के इस पावन मास का शिवभक्त वर्ष भर बेसब्री से इंतजार करते हैं। गुरुवार, 30 जुलाई से सावन मास के शुभारंभ के साथ ही पहले दिन से ही जिले भर के सभी शिवालयों व शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है।

उप-नगरीय क्षेत्र दीपका स्थित शिव मंदिर में तड़के से ही भक्ति का असीम वातावरण देखा गया। भगवान आशुतोष का जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक करने तथा बेलपत्र, धतूरा, अक्षत व फल-फूल अर्पित करने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ रहीं। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर ‘ओम नमः शिवाय’ और ‘हर-हर महादेव’ के गगनभेदी जयघोष से गुंजायमान रहा।
3 अगस्त को सावन का पहला सोमवार, कनकेश्वर धाम में विशेष तैयारियां
3 अगस्त को सावन का पहला सोमवार है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, सावन के सोमवार को भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना व व्रत का विशेष महत्व होता है। इस दिन बड़ी संख्या में कांवड़िए नदियों से पवित्र जल भरकर कांवड़ यात्रा निकालते हैं और भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं। पहले सोमवार को लेकर जिले के प्रसिद्ध कनकेश्वर धाम (कनकी) में भीड़ उमड़ने की संभावना जताई जा रही है। सावन के पूरे महीने कनकेश्वर धाम में मेले का आयोजन भी होता है, जहाँ कोरबा ही नहीं, बल्कि आसपास के कई जिलों से लाखों श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं। पहले सोमवार को देखते हुए मंदिर समितियों और प्रशासन की ओर से सुरक्षा तथा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं।



