सावन के प्रथम सोमवार पर ‘बोल बम’ के जयघोष से गूंजा कनकी धाम मार्ग, कांवड़ियों की सुरक्षा में पूरी रात मुस्तैद रही कोरबा पुलिस…… देखिए वीडियो
कोरबा। छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस News : सावन के प्रथम सोमवार के अवसर पर जिले के प्रसिद्ध कनकी धाम में जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। आधी रात से ही कांवड़ियों का जत्था “बोल बम” और “हर-हर महादेव” के जयघोष के साथ कनकी धाम की ओर रवाना होने लगा, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए कोरबा पुलिस द्वारा व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई। सर्वमंगला मंदिर से लेकर कनकेश्वर धाम तक पूरे मार्ग पर पुलिस बल की तैनाती की गई, ताकि यात्रा शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सके और किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।

यात्रा के दौरान कोरबा पुलिस के अधिकारियों एवं जवानों ने मानवता और सेवा का परिचय देते हुए कांवड़ियों को चाय, बिस्कुट एवं पेयजल उपलब्ध कराया। साथ ही श्रद्धालुओं से कतारबद्ध होकर अनुशासन एवं शांतिपूर्ण तरीके से यात्रा करने की अपील की गई। पुलिस ने यह भी कहा कि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति या संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।

पुलिस प्रशासन ने पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि यात्रा के दौरान हुड़दंग, स्टंटबाजी, वाहन से खतरनाक करतब या कानून-व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि श्रद्धालुओं की आस्था और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा पूरी यात्रा के दौरान पुलिस लगातार निगरानी रखे हुए है।
सावन के प्रथम सोमवार पर श्रद्धा, सेवा और सुरक्षा का यह समन्वय श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा तथा पूरे मार्ग पर भक्तिमय माहौल देखने को मिला।


