प्रेस क्लब कोरबा के पदाधिकारियों ने लिया व्यासपीठ का आशीर्वाद
7 दिवसीय संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा का महाआरती व हरिनाम संकीर्तन के साथ भव्य समापन

कोरबा। छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस. न्यूज़ :औद्योगिक नगरी कोरबा का सीतामढ़ी चौक क्षेत्र पिछले सात दिनों से अध्यात्म और भक्ति के अलौकिक आनंद में डूबा रहा। कर्ष परिवार के तत्वावधान में 15 जुलाई से आयोजित ‘श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ’ का गुरुवार (22 जुलाई) को अत्यंत भक्तिमय माहौल में श्रद्धा और उल्लास के साथ समापन हुआ।
व्यासपीठ पर विराजमान परम पूज्य भागवताचार्य महाराज तारेंद्र कृष्ण जी ने अपने मुखारविंद से 7 दिनों तक प्रभु श्री कृष्ण की बाल लीलाओं, महिमा और श्रीमद्भागवत महापुराण के गूढ़ रहस्यों को संगीतमय भजनों व प्रेरक कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को श्रवण कराया। कथा के दौरान रोजाना सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु पंडाल पहुंचे और भक्ति रस का पान किया, जिससे पूरा सीतामढ़ी क्षेत्र धर्ममय हो उठा।

प्रेस क्लब कोरबा के पदाधिकारियों ने लिया व्यासपीठ का आशीर्वाद
कथा के पावन अवसर पर प्रेस क्लब कोरबा के पदाधिकारियों ने भी कार्यक्रम में अपनी विशेष उपस्थिति दर्ज कराई। प्रेस क्लब अध्यक्ष नौशाद खान, सचिव दिनेश राज, उपाध्यक्ष राजकुमार शाह तथा कोषाध्यक्ष दुर्गेश श्रीवास्तव कथा स्थल पहुंचे। सभी पदाधिकारियों ने व्यासपीठ पर आसीन पूज्य तारेंद्र कृष्ण महाराज के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया और भक्तिभाव से कथा श्रवण का पुण्य लाभ लिया।
महाआरती और ‘राधे-राधे’ के गगनभेदी जयघोष से गूंजा परिसर
समापन अवसर पर विशेष महाआरती का आयोजन किया गया। व्यासपीठ से छलकती भक्तिधारा में श्रोतागण पूरी तरह सराबोर नज़र आए। महाआरती के पश्चात श्रद्धालुओं द्वारा लगाए गए जय श्री कृष्णा और राधे-राधे के गगनभेदी जयकारों से पूरा कथा परिसर गुंजायमान हो उठा।
आयोजक कर्ष परिवार ने क्षेत्र की धर्मप्रेमी जनता का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि कथा को लेकर श्रद्धालुओं में अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला। प्रतिदिन भारी संख्या में उपस्थित होकर श्रद्धालुओं ने इस आयोजन को भव्य और सफल बनाया। कथा समापन के पश्चात सभी भक्तों के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया।



