मां सर्वमंगला मंदिर: महाअष्टमी पर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन अनुष्ठान सम्पन्न, श्रद्धालुओं ने दी पूर्णाआहुति
महा अष्टमी पर हुआ हवन और कन्या भोज, महानवमी पर होगा जवारा विसर्जन
रिपोर्ट : भरत यादव | 7999608199
छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस/ कोरबा: शक्ति की आराधना के पर्व शारदीय नवरात्र के दौरान कोरबा जिले की अधिष्ठात्री देवी और हसदेव नदी के तट पर विशाल बरगद के नीचे विराजीं मां सर्वमंगला देवी के मंदिर में इस वर्ष भी धार्मिक उल्लास का अनूठा माहौल देखने को मिला। नवरात्र के पावन अवसर पर प्रतिदिन मां के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा, वहीं महा अष्टमी पर मंदिर परिसर में विशेष अनुष्ठान आयोजन किया गया।


महा अष्टमी पर गूंजे मंत्र, संपन्न हुआ हवन अनुष्ठान
महा अष्टमी के दिन मंदिर परिसर में श्रद्धा और भक्ति का सैलाब उमड़ पड़ा। मंदिर के प्रबंधक एवं राजपुरोहित नमन पांडे के मार्गदर्शन और आचार्यत्व में विधि-विधान पूर्वक हवन अनुष्ठान संपन्न कराया गया। इस दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के बीच बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने मां सर्वमंगला की अराधना की और विश्व कल्याण के साथ अपने परिवारों की सुख-समृद्धि की कामना की।

नौ कन्याओं का पूजन और भोज
हवन अनुष्ठान के उपरांत परंपरा के अनुसार मंदिर प्रांगण में कन्या पूजन एवं नव कन्या भोज का भव्य आयोजन किया गया। मां दुर्गा के स्वरूप इन कन्याओं को आदर सहित भोजन कराया गया और उपहार भेंट किए गए। राजपुरोहित एवं प्रबंधक नमन पांडे ने बताया कि महा अष्टमी के अवसर पर हवन-पूजन के साथ कन्या भोज का कार्यक्रम अत्यंत श्रद्धा के साथ पूर्ण हुआ, जिसमें दूर-दूर से आए भक्तों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।

महानवमी पर होगा जवारा विसर्जन
नवरात्र पर्व के अंतिम चरण में महानवमी के पावन अवसर पर माता के दरबार में बोए गए जवारों का विधि-विधान से विसर्जन किया जाएगा। इसको लेकर मंदिर समिति और श्रद्धालुओं द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। हरदेव नदी के तट पर स्थित इस सिद्धपीठ में जवारा विसर्जन देखने और मां के जयकारे लगाने के लिए भारी संख्या में श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है।



