सर्वमंगला नगर के तालाब में तैरते मिली युवक की लाश, क्षेत्र में सनसनी
कोरबा। छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस: सर्वमंगला नगर स्थित बड़े दशहरा मैदान के समीप तालाब में एक व्यक्ति की लाश मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है। मृतक की शिनाख्त केशव यादव (उम्र लगभग 30 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिलासपुर का निवासी था। लेकिन कुछ वर्षों से वह सर्वमंगला नगर में निवास करता था और यही आसपास जीवकोपार्जन के लिए कार्य करता था।

स्नान करने गए लोगों ने देखा शव
मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार को सर्वमंगला नगर के एक परिवार में ‘दशकर्म’ का कार्यक्रम चल रहा था। इस दौरान परिवार के लोग तालाब में स्नान करने गए थे। तभी वहां मौजूद लोगों की नजर पानी में तैरती एक लाश पर पड़ी। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और ग्रामीणों की मदद से शव को पानी से बाहर निकाला गया। लोगों ने इसकी सूचना नजदीकी पुलिस चौकी सर्वमंगला पुलिस सहायता केंद्र में दी सूचना पाकर पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे।

मजदूरी कर जीवन यापन करता था मृतक
स्थानीय सूत्रों ने बताया कि केशव यादव बीते कुछ वर्षों से सर्वमंगला नगर की झोपड़पट्टी में रहकर रोजी-मजदूरी करता था। बताया जा रहा है मृतक का विवाह नहीं हुआ था जबकि उसके माता-पिता का पहले ही देहांत होना बताया जा रहा है।
पुलिस जांच और पोस्टमार्टम का इंतजार
घटना की सूचना मिलते ही सर्वमंगला पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार मौत का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है। यह डूबने का मामला है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है, इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।पुलिस मृतक के परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।



