चाकू से युवक की हत्या, तालाब में फेंकी लाश — 12 घंटे में पुलिस ने सुलझाया मामला


एक नाबालिग गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

जांजगीर-चांपा। शिवरीनारायण थाना पुलिस ने हत्या के एक सनसनीखेज मामले का महज 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ लिया गया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है। जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार मृतक राहुल चौहान निवासी दर्रा थाना भटगांव जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़, शिवरीनारायण मेला देखने के बाद अपनी मौसी के घर ग्राम धरदेई गया हुआ था। इसी दौरान 11 फरवरी को अज्ञात लोगों ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी और सबूत मिटाने की नीयत से शव को पुरेना तालाब में फेंक दिया। सूचना मिलते ही शिवरीनारायण पुलिस मौके पर पहुंची। मर्ग पंचनामा कर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने विशेष टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप एवं एसडीओपी यदुमणि सिदार के मार्गदर्शन में पुलिस ने तेजी से जांच करते हुए एक विधि से संघर्षरत बालक को हिरासत में लिया।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि मृतक का एक युवक से मोबाइल पर बातचीत को लेकर विवाद था। फरार आरोपी को इस बात से नाराजगी थी और उसने अपने साथियों के साथ मिलकर राहुल को बुलाया। चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर हत्या कर दी और शव तालाब में फेंक दिया। पुलिस ने प्रकरण में अपराध क्रमांक 58/2026 धारा 103, 61 बीएनएस के तहत कार्रवाई की है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है। कार्रवाई में थाना प्रभारी राजीव श्रीवास्तव सहित शिवरीनारायण पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।