रांची (छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस न्यूज़)। सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया।
सिविल कोर्ट के आधिकारिक ईमेल आईडी पर भेजे गए इस संदेश में कथित रूप से एक योजनाबद्ध विस्फोट का उल्लेख किया गया था।
ईमेल मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं। एहतियातन कोर्ट परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई।
जगुआर की बम स्क्वाड और डाग स्क्वाड की टीम मौके पर पहुंचकर पूरे परिसर की सघन जांच में जुट गई है। कोर्ट के आसपास आने-जाने वाले लोगों की कड़ी जांच की जा रही है और पूरे इलाके में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली डीएसपी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए हैं। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा इंतजाम कर लिए गए हैं।


