शहर के पं रविशंकर शुक्ल नगर से दादर मार्ग पर सैकड़ो गड्ढे…..चलना हुआ दूभर
कोरबा: छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस News : शहर के पंडित रविशंकर शुक्ल नगर से दादर को जोड़ने वाली मुख्य सड़क की हालत बेहद दयनीय हो गई है। लगभग 3 से 4 किलोमीटर लंबी इस सड़क पर सैकड़ों की संख्या में छोटे -बड़े गड्ढे बन चुके हैं, जिससे वाहन चालकों को रोजाना हिचकोले खाते हुए जान जोखिम में डालकर गुजरना पड़ रहा है।

सड़क की यह बदहाली कोई नई नहीं है, बल्कि लंबे समय से यह मार्ग जर्जर स्थिति में है। इसके बावजूद स्थानीय जनप्रतिनिधियों और शासन-प्रशासन का इस ओर कोई ध्यान नहीं है, जिससे क्षेत्र के रहवासियों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
बारिश ने बढ़ाई मुश्किलें, हादसों को दे रहे हैं दावत गड्ढे
वर्तमान में बारिश का मौसम होने के कारण इन तमाम गड्ढों में पानी भर गया है। पानी भर जाने के कारण चालकों को सड़क के गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता है। जलभराव के चलते बाइक और स्कूटर सवार फिसलकर रोजाना चोटिल हो रहे हैं। विशेषकर रात के समय स्थिति और भी अधिक भयावह हो जाती है। सड़क पर उड़ने वाले कीचड़ और पानी के छींटों से पैदल चलने वाले राहगीर भी खासे परेशान हैं।


