
दीपका में निकली भव्य कांवड़ यात्रा, “हर-हर महादेव” के जयघोष से गूंजा पूरा नगर
सिद्धिदात्री दीपेश्वरी मंदिर से बड़े शिव मंदिर तक गूंजे बोल बम के जयकारे
छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस News: 25/08/2026
कोरबा /दीपका। श्रावण मास के पावन अवसर पर मंगलवार को सिद्धिदात्री दीपेश्वरी माता मंदिर, गेवरा-दीपका से बड़ा शिव मंदिर तक भव्य कांवड़ यात्रा 2026 का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। कांवड़ यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूरे मार्ग में भक्तिमय वातावरण बना रहा।

श्रद्धालुओं ने सिद्धिदात्री दीपेश्वरी माता मंदिर तालाब से पवित्र जल लेकर कांवड़ धारण की और भगवान भोलेनाथ के जयकारों के साथ नगर भ्रमण करते हुए बड़ा शिव मंदिर की ओर प्रस्थान किया। यात्रा के दौरान “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।

कांवड़ यात्रा में महिलाओं, पुरुषों एवं युवाओं सहित सभी वर्गों के श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। श्रद्धालुओं में भगवान शिव के प्रति गहरी आस्था और भक्ति देखने को मिली। यात्रा के दौरान भक्तिमय माहौल ने पूरे नगर को शिवमय कर दिया।

बड़ा शिव मंदिर पहुंचकर श्रद्धालुओं ने पवित्र जल से भगवान शिव का अभिषेक कर सुख-समृद्धि एवं क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। श्रद्धालुओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने कांवड़ यात्रा को विशेष रूप से सफल और यादगार बनाया।
इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने कहा कि श्रावण मास में भगवान शिव की आराधना और कांवड़ यात्रा में शामिल होना उनके लिए आस्था एवं सौभाग्य का विषय है। धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता से ओत-प्रोत इस आयोजन में सभी ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।




