
पूर्व दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में तीन दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा एवं भव्य भंडारा महोत्सव का आयोजन
कोरबा।छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस न्यूज़ : न्यू नेहरू नगर, भैंस खटाल, वार्ड क्रमांक 17 स्थित पूर्व दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में श्री हनुमान जी की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा एवं भव्य भंडारा महोत्सव का आयोजन 29 मई से 31 मई 2026 तक श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ किया जाएगा।

आयोजन समिति “समस्त हनुमान भक्त” द्वारा क्षेत्रवासियों एवं श्रद्धालुओं को सपरिवार कार्यक्रम में शामिल होने हेतु आमंत्रित किया गया है। आयोजन के प्रथम दिवस 29 मई 2026, शुक्रवार को कलश यात्रा एवं वेदी पूजन संपन्न होगा। इसके पश्चात 30 मई 2026, शनिवार को विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों के अंतर्गत अन्नाधिवास, जलाधिवास, पुष्पाधिवास, फलाधिवास एवं शैयाधिवास कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
मुख्य कार्यक्रम 31 मई 2026, रविवार को हनुमान मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा के साथ संपन्न होगा। इस अवसर पर विशाल भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होंगे। आयोजन समिति द्वारा पूजा-अर्चना, प्रसाद एवं भक्तों के स्वागत की विशेष व्यवस्था की जा रही है।
समिति के सदस्यों ने बताया कि यह धार्मिक आयोजन क्षेत्र में आध्यात्मिक वातावरण एवं सामाजिक समरसता को बढ़ावा देगा। उन्होंने सभी धर्मप्रेमी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।






