सर्वमंगला पुल और मुख्य मार्ग का हुआ कायाकल्प, डामरीकरण से गड्ढों से मुक्ति, लोगों ने जताई खुशी
कोरबा। छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस न्यूज़: स्थानीय सर्वमंगला पुल और उससे जुड़ी मुख्य सड़क का आखिरकार कायाकल्प हो गया है। लंबे समय से जर्जर हाल में पड़ी इस सड़क का पूरी तरह से डामरीकरण (पिचिंग) कर दिया गया है, जिससे क्षेत्र के लोगों और राहगीरों ने बड़ी राहत की सांस ली है।

गड्ढों के कारण थमी थी रफ्तार, राहगीर थे परेशान
यह सड़क पिछले काफी समय से बेहद बदहाल स्थिति में थी। जगह-जगह बड़े और गहरे गड्ढे निर्मित हो जाने के कारण आए दिन लोग दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे थे। राहगीरों और वाहन चालकों को इस मार्ग से गुजरने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। स्थानीय लोग लंबे समय से इस सड़क की मरम्मत की मांग कर रहे थेल

जनता की इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए विगत दिनों कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन एवं महापौर संजू देवी राजपूत ने सड़क निर्माण कार्य का विधि-विधान से पूजा-पाठ कर भूमिपूजन किया था। इसके तुरंत बाद युद्ध स्तर पर कार्य शुरू किया गया और अब सड़क को पूरी तरह डामरीकृत कर चमका दिया गया है।
बरसात से पहले मिली बड़ी राहत
मानसून की दस्तक से ठीक पहले सड़क का निर्माण पूरा हो जाने से लोगों ने खुशी जाहिर की है। अगर बारिश से पहले यह काम न होता, तो जलभराव के कारण स्थिति और बदतर हो सकती थी। अब पुल और सड़क पर आवागमन बेहद सुगम और सुरक्षित हो गया है।





