
उरगा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मकान और टाटा मैजिक वाहन चोरी के मामलों का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
सजग कोरबा – सतर्क कोरबा’ अभियान के तहत मिली सफलता, ₹7 लाख का वाहन और आभूषण बरामद
आरोपियों को भेजा गया जेल, अन्य फरार साथियों की तलाश जारी
कोरबा। छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस news : कोरबा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत उरगा थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए चोरी की दो बड़ी वारदातों का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने अलग-अलग मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इनके कब्जे से चोरी की गई टाटा मैजिक गाड़ी और चांदी के जेवरात बरामद किए गए हैं, जिनकी कुल कीमत लाखों में आंकी जा रही है।

पहला मामला : सूने मकान का ताला तोड़कर उड़ाए थे जेवरात
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम लालमाटी निवासी प्रार्थिया संतोषी साहू ने 6 जून 2026 को उरगा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि किसी अज्ञात चोर ने उनके सूने मकान का ताला तोड़कर नकदी और आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया है। पुलिस ने नए कानून के तहत अपराध क्रमांक 352/2026 (धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस) दर्ज कर जांच शुरू की।

तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की मदद से दबोचा गया आरोपी:
उरगा पुलिस की टीम ने घटनास्थल का बारिकी से निरीक्षण किया। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने संदेही युवराज कुमार कंवर (19 वर्ष), निवासी लालमाटी को हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने चोरी की बात कबूल कर ली। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई करीब 7.50 तोला वजनी चांदी की हाफ करधन (कीमत लगभग ₹16,000) व अन्य सामान बरामद कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
दूसरा मामला : ₹7 लाख की टाटा मैजिक गाड़ी चोरी, आरोपी गिरफ्तार
दूसरा मामला वाहन चोरी का है, जहाँ 20 जून 2026 को पीड़ित ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी टाटा मैजिक गाड़ी (क्रमांक CG 12 BT 2852) को किसी अज्ञात व्यक्ति ने चुरा लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए उरगा पुलिस ने तत्काल एक विशेष टीम का गठन किया।
CCTV फुटेज खंगालने पर मिला सुराग:
पुलिस टीम ने आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदेही करन भारद्वाज (20 वर्ष), निवासी नोन्दीरी (थाना करतला) को धरदबोचा। पूछताछ में आरोपी ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर वाहन चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर ₹7 लाख कीमत की टाटा मैजिक गाड़ी बरामद कर ली है। इस मामले में धारा 303(2), 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी को जेल भेजा गया है, वहीं उसके फरार साथी की तलाश की जा रही है।
अपराध नियंत्रण के लिए कोरबा पुलिस प्रतिबद्ध
उरगा थाना पुलिस की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की उच्चाधिकारियों ने भी सराहना की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कोरबा जिला पुलिस आम जनता की सुरक्षा और जिले में अपराध नियंत्रण के लिए पूरी तरह मुस्तैद है। अपराधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।




