दिनदहाड़े कट्टा अड़ाकर राज ज्वेलर्स में लूट: विरोध करने पर सर्राफा व्यवसायी पर मिर्च पाउडर फेंका, चाकू से किया वार, दांतों से काटा
छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस. News / भरत यादव / 1 जुलाई 2026
कोरबा (कटघोरा) | नगर पंचायत छुरी कला में बुधवार दोपहर को कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए तीन नकाबपोश डकैतों ने दिनदहाड़े एक बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया। कटघोरा थाना अंतर्गत ग्रामीण बैंक के पास स्थित राज ज्वेलर्स में घुसे बदमाशों ने दुकान संचालक राजकुमार अग्रवाल के सीने पर कट्टा तान दिया। विरोध करने पर बदमाशों ने उन पर जानलेवा हमला किया और सोने-चांदी के जेवरात लूटकर फरार हो गए। इस दुस्साहसिक घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।



चांदी की अंगूठी देखने के बहाने घुसे थे डकैत
बुधवार दोपहर को तीन नकाबपोश बदमाश एक ‘प्लेटिना’ मोटरसाइकिल पर सवार होकर राज ज्वेलर्स पहुंचे। दुकान में घुसकर बदमाशों ने सबसे पहले चांदी की अंगूठी दिखाने को कहा। संचालक राजकुमार अग्रवाल जब तक कुछ समझ पाते, बदमाशों ने उनके सीने पर पिस्तौल (कट्टा) अड़ा दी। राजकुमार अग्रवाल ने हौसला दिखाते हुए डकैतों का सामना किया और उनसे भिड़ गए। दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक छीना-झपटी हुई।
मदद के लिए चिल्लाने पर मिर्च पाउडर और चाकू से हमला
जब दुकान संचालक ने मदद के लिए बाहर की तरफ आवाज लगाई और आस-पास के लोग दौड़कर आने लगे, तो बदमाशों ने राजकुमार की आंखों और चेहरे पर मिर्च पाउडर छिड़क दिया। उन पर चाकू से हमला किया गया। बदमाशों ने उनके हाथ को दांतों से बेरहमी से काट लिया जिससे वे लहूलुहान हो गए। इसके बाद आरोपी सोने-चांदी और आर्टिफिशियल जेवर समेटकर मौके से भाग निकले।
जांच में जुटी पुलिस: मौके पर छूटी डकैतों की पिस्तौल और बाइक
घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा थाना प्रभारी एम. बी. पटेल पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। हड़बड़ाहट में डकैत अपनी पिस्तौल और प्लेटिना मोटरसाइकिल मौके पर ही छोड़ गए, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। पुलिस आसपास के CCTV फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पूरे क्षेत्र में कड़ी नाकाबंदी कर दी गई है।
लड़की के भेष में था एक आरोपी
घायल दुकान संचालक राजकुमार अग्रवाल ने बताया कि दुकान में आए तीनों नकाबपोशों की उम्र लगभग 40 से 50 वर्ष के बीच थी। चौंकाने वाली बात यह है कि तीनों बदमाशों में से एक युवक लड़की की भेष-भूषा (पोशाक) में था ताकि किसी को शक न हो।
स्थानीय लोगों में आक्रोश, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
दिनदहाड़े हुई इस खूनी लूटपाट के बाद स्थानीय व्यापारियों और आम जनता में भारी आक्रोश है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि नगर पंचायत क्षेत्र में आए दिन चोरी और आपराधिक घटनाएं हो रही हैं, जिससे पुलिस की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा दावों पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।


