
दीपका के आजाद चौक स्थित दीपेश्वरी मंदिर में गूंजे ‘हर हर महादेव’ के जयकारे, जलाभिषेक के लिए सुबह से लगा ताँता

कोरबा / दीपका : पवित्र सावन मास के चौथे सोमवार को शिवालयों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। उपनगरीय दीपका क्षेत्र के आजाद चौक स्थित प्रतिष्ठित दीपेश्वरी मंदिर में स्थापित भव्य नर्मदेश्वर शिवलिंग के दर्शन और पूजन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। पूरा मंदिर परिसर ‘ओम नमः शिवाय’ और ‘हर हर महादेव’ के गगनभेदी जयकारों से गूंजायमान हो उठा।

विधि-विधान से हुआ देवाधिदेव का अभिषेक
सावन के चौथे सोमवार पर शिव भक्तों ने सुबह से ही मंदिरों का रुख किया। दीपेश्वरी मंदिर में स्थापित विशाल नर्मदेश्वर शिवलिंग का श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ पूजन-अर्चन किया। भक्तों ने भगवान भोलेनाथ को प्रसन्न करने के लिए बेलपत्र और ताजे पुष्प अर्पित किए, दुग्धाभिषेक (दूध से अभिषेक) किया, इसके साथ ही दही, घी, शहद और गंगाजल से रुद्राभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की।





