
कोरबा-अंबिकापुर नेशनल हाईवे पर हादसा: पेट्रोल-डीजल से भरे टैंकर में लगी भीषण आग, बाल-बाल बचा चालक
रिपोर्ट :भरत यादव| 7999 608 199
कोरबा /10.09.2026 राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-130 पर गुरसिया मोड़ के पास एक बड़ा हादसा टल गया, जब पेट्रोल और डीजल से भरे इंडियन ऑयल के एक टैंकर में अचानक आग भड़क उठी। गनीमत यह रही कि चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते कूदकर अपनी जान बचा ली, अन्यथा एक बड़ा नरसंहार हो सकता था।

ढाबे पर खाना खाने के बाद शुरू हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, यह टैंकर कोरबा से पेट्रोल और डीजल लोड कर वाड्रफनगर की ओर जा रहा था। सफर के दौरान चालक गुरसिया ढाबा के पास खाना खाने के लिए रुका था। खाना खाने के बाद जैसे ही उसने वाहन को आगे ले जाने के लिए स्टार्ट किया, तभी अचानक इंजन वाले हिस्से से चिंगारी निकली और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।

मची अफरा-तफरी और दहशत
वाहन में ज्वलनशील पदार्थ (पेट्रोल और डीजल) भरा होने की खबर जैसे ही आसपास के स्थानीय लोगों को लगी, इलाके में हड़कंप मच गया। पलभर में वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग अपनी जान बचाने के लिए सुरक्षित दूरी पर भाग खड़े हुए।

पुलिस और दमकल विभाग मुस्तैद
घटना की सूचना मिलते ही बांगो थाना प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश वर्मा अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सबसे पहले सुरक्षा को प्राथमिकता दी और हाईवे पर आवाजाही रोककर इलाके को अपने कब्जे में लिया। फिलहाल, दमकल वाहनों की मदद से आग पर काबू पाने के लिए लगातार प्रयास जारी हैं।



