अपनों की कमी को किया दूर: सर्वमंगला पुलिस ने वृद्ध आश्रम के बुजुर्गों संग मनाई अनूठी दीपावली
रिपोर्ट : भरत यादव | 7999508199
कोरबा / छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस : त्योहारों का असली आनंद अपनों के साथ खुशियां बांटने में ही है, लेकिन कई बार कुछ लोग किन्हीं कारणों से अपनों के बीच नहीं रह पाते। ऐसे ही बुजुर्गजनों की जिंदगी में दीयों की रोशनी और खुशियों का उजियारा बिखेरने के लिए इस बार सर्वमंगला पुलिस सहायता केंद्र की टीम आगे आई। दीपावली के पावन अवसर पर पुलिसकर्मियों ने सर्वमंगला के निकट स्थित प्रशांति वृद्ध आश्रम पहुंचकर वहां रह रहे वरिष्ठजनों के साथ जमकर दीवाली मनाई और यह साबित कर दिया कि खाकी के पीछे भी एक संवेदनशील इंसान धड़कता है।

बुजुर्गों के चेहरों पर बिखरी मुस्कान
त्योहारों के दिनों में अपनों की याद आना स्वाभाविक है। वृद्ध आश्रम में रह रहे बुजुर्गों को अकेलेपन का अहसास न हो और वे भी इस पर्व का पूरा आनंद ले सकें, इसके लिए सर्वमंगला पुलिस सहायता केंद्र के जवानों ने अनूठी पहल की। जवानों ने बुजुर्गों के साथ मिलकर मिट्टी के दीये जलाए, फुलझड़ियां और पटाखे फोड़े तथा उन्हें उपहार भेंट किए। उपहार पाकर और अपनों जैसा दुलार पाकर वृद्धजनों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
सर्वमंगला पुलिस सहायता केंद्र के प्रभारी एएसआई विभव तिवारी ने इस पहल के बारे में बताते हुए कहा, प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी हमारी टीम ने प्रशांति वृद्ध आश्रम पहुंचकर वरिष्ठजनों के साथ दीपावली की खुशियां साझा की हैं। त्योहारों के दिनों में अपनों की याद सताना लाजिमी है, इसलिए हम उनके अपने बनकर उनके साथ यह पर्व मनाते हैं। इससे हमें आत्मिक संतुष्टि और ढेर सारी खुशी की अनुभूति होती है, ऐसा लगता है जैसे हम अपने ही परिवार के साथ मिलकर त्योहार मना रहे हों।
35 से 40 बुजुर्गों का है यह आशियाना
उल्लेखनीय है कि प्रशांति वृद्ध आश्रम में लगभग 35 से 40 बुजुर्ग लंबे समय से निवास कर रहे हैं। अपनों से दूर इन वरिष्ठजनों के जीवन में खुशियों के रंग भरने के लिए सर्वमंगला पुलिस सहायता केंद्र द्वारा हर खास मौके पर ऐसे मानवीय प्रयास किए जाते हैं। पुलिस टीम की इस संवेदनशील पहल की स्थानीय नागरिकों और सामाजिक स्तर पर भी काफी सराहना हो रही है।



