कलयुगी बेटे का खूनी तांडव: जमीन के टुकड़े के लिए लाठी से पीट-पीटकर माँ को उतारा मौत के घाट, पिता का पैर तोड़ा
कोरबा (उरगा)।छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस. News :
जिस माँ ने नौ महीने कोख में पाला और जिस पिता ने उँगली पकड़कर चलना सिखाया, वही माता-पिता एक बेटे के लिए उसकी जान के दुश्मन बन गए। दिल को झकझोर देने वाली यह वारदात उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम चीतापाली से सामने आई है, जहाँ जमीन-जायदाद के बंटवारे के विवाद में एक कलयुगी बेटे ने अपनी ही माँ की बेरहमी से हत्या कर दी और पिता को अधमरा कर दिया। इस खौफनाक कदम के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और हर कोई मातृहंता (माँ की हत्या करने वाले) बेटे को धिक्कार रहा है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम चीतापाली के रहने वाले बुजुर्ग श्याम लाल यादव के दो बेटे हैं। बड़ा बेटा अपने परिवार के साथ कोरबा में ही अलग रहता है, जबकि छोटा बेटा रामकुमार यादव दिव्यांग है और चलने के लिए लाठी का सहारा लेता है। रामकुमार अपने माता-पिता के साथ ही गाँव में रहता था। पिछले कुछ समय से रामकुमार अपने माता-पिता पर जमीन और जायदाद का बंटवारा करने का लगातार दबाव बना रहा था। बुजुर्ग माता-पिता फिलहाल बंटवारा करने के पक्ष में नहीं थे, जिसे लेकर घर में अक्सर तनाव रहता था। बताया जा रहा है कि आरोपी पहले भी कई बार अपने माता-पिता के साथ मारपीट कर चुका था।
शुक्रवार की रात हुआ खूनी संघर्ष
शुक्रवार की रात करीब 9 से 10 बजे के बीच रामकुमार ने एक बार फिर बंटवारे का राग अलापा। जब माँ जानकुंवर और पिता श्याम लाल ने इस बात से साफ इनकार कर दिया, तो रामकुमार गुस्से से आगबबूला हो गया। उसने तैश में आकर अपनी ही बैसाखी (लाठी) से माँ के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। प्रहार इतना जोरदार था कि वृद्ध माँ ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

इसके बाद भी आरोपी का दिल नहीं पसीजा; उसने अपने बुजुर्ग पिता श्याम लाल पर भी लाठी से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में बुजुर्ग पिता का पैर टूट गया और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।
रात भर घर में पड़ी रही लाश, सुबह आरोपी गिरफ्तार
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी रामकुमार रात में ही मौके से फरार हो गया। पूरी रात बुजुर्ग पिता दर्द से कराहते रहे और माँ का शव घर में ही पड़ा रहा। शनिवार सुबह जब घटना की जानकारी उरगा थाना प्रभारी (एसआई) नवीन पटेल को मिली, तो उन्होंने तुरंत उच्च अधिकारियों को सूचित किया और पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुँचे।
पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए घेराबंदी की और आरोपी रामकुमार को पास के ही ग्राम अंजोरीपाली से धर दबोचा। पुलिस ने मृतका जानकुंवर के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, वहीं घायल पिता को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस वीभत्स घटना के बाद से पूरे चीतापाली गाँव में मातम और आक्रोश का माहौल है।


