दो बूंद जिंदगी की: सर्वमंगला नगर के उप स्वास्थ्य केंद्र और आंगनबाड़ी केन्द्रो पिलाई गई पल्स पोलियो की जरूरी खुराक
कोरबा। छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस. NEWS : देश को पोलियो मुक्त बनाए रखने के संकल्प के साथ कोरबा जिले में पल्स पोलियो अभियान के तहत शून्य से 5 वर्ष तक के बच्चों को सुरक्षा कवच दिया गया। इस अभियान का व्यापक असर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में देखने को मिला, जहां स्वास्थ्य विभाग की मुस्तैदी और जनप्रतिनिधियों की सक्रियता से बड़ी संख्या में बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई।

इसी कड़ी मे सर्वमंगला नगर के वार्ड क्रमांक 62 और 61 में बड़ी संख्या में बच्चों को पल्स पोलियो की जरूरी खुराक पिलाई गई। यहाँ संचालित सभी आंगनबाड़ी केंद्रों और उप स्वास्थ्य केंद्र में सुबह से ही पालकों की भीड़ जुटने लगी थी। वार्ड पार्षद रामाधार पटेल ने खुद उप स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर बच्चों को अपने हाथों से पोलियो की जरूरी खुराक पिलाई।

दवा पिलाने के साथ ही पार्षद रामाधार पटेल ने उपस्थित माता-पिता और अभिभावकों को बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि “दो बूंद जिंदगी की” केवल एक नारा नहीं, बल्कि हमारे बच्चों के सुरक्षित भविष्य की गारंटी है।
इस दौरान मुख्य रूप से आजाद नगर, बड़ा दशहरा मैदान, शांति मोहल्ला, बरमपुर इन क्षेत्रों में संचालित सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में सुबह से ही विशेष शिविर लगाए गए थे। स्थानीय जागरूक अभिभावक समय पर अपने 0 से 5 वर्ष तक के मासूम बच्चों को लेकर पहुंचे और उन्हें पोलियो ड्रॉप्स पिलवाई।
इस पूरे अभियान को सफल बनाने में स्थानीय मितानिनों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और उप स्वास्थ्य केंद्र के स्टाफ का विशेष योगदान रहा। उन्होंने न केवल केंद्रों पर दवा पिलाई, बल्कि छूटे हुए बच्चों की ट्रैकिंग के लिए भी रणनीति तैयार की ताकि कोई भी बच्चा इस सुरक्षा चक्र से वंचित न रह सके।


