शिवपुराण कथा के पांचवें दिन निकली भगवान भोलेनाथ की भव्य बारात, शिवमय हुआ सर्वमंगला नगर
कोरबा। छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस : सर्वमंगला नगर स्थित छोटे दशहरा मैदान में आयोजित सात दिवसीय श्री शिवमहापुराण कथा में इन दिनों भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। कथा के पांचवें दिवस भगवान भोलेनाथ की भव्य बारात निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामवासी एवं श्रद्धालु शामिल हुए। भगवान शिव की बारात के दौरान पूरा क्षेत्र शिवमय हो गया और श्रद्धालुओं ने हर-हर महादेव के जयकारों के साथ उत्सव में अपनी सहभागिता निभाई।






कथा व्यासपीठ पर विराजमान छत्तीसगढ़ अंचल के प्रसिद्ध कथावाचक पंडित कामता प्रसाद शरण जी अपने मुखारविंद से भगवान शिव की महिमा का विस्तारपूर्वक वर्णन कर रहे हैं। पांचवें दिवस कथा के दौरान उन्होंने भगवान भोलेनाथ के विवाह प्रसंग का भावपूर्ण व्याख्यान करते हुए शिव बारात की धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्ता पर प्रकाश डाला।
पंडित जी ने बताया कि भगवान शिव की बारात अन्य सभी बारातों से अद्भुत और निराली थी। भगवान भोलेनाथ अपने गणों, भूत-प्रेत, पिशाचों एवं विभिन्न स्वरूपों वाले गणों के साथ माता पार्वती से विवाह करने पहुंचे थे। उनकी बारात में देवता, ऋषि-मुनि और शिवगण शामिल थे। उन्होंने बताया कि भगवान शिव का स्वरूप यह संदेश देता है कि परमात्मा किसी बाहरी रूप, रंग, वेशभूषा अथवा सामाजिक भेदभाव से बंधे नहीं हैं। वे सभी को समान भाव से स्वीकार करते हैं और प्रत्येक जीव पर अपनी कृपा बरसाते हैं।
कथा के माध्यम से पंडित जी ने भगवान शिव और माता पार्वती के पावन विवाह प्रसंग का सुंदर वर्णन करते हुए श्रद्धालुओं को भक्ति, समर्पण, प्रेम और वैवाहिक जीवन के आदर्शों का संदेश दिया। शिव बारात के प्रसंग को सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। इस अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ के जयकारे लगाए और पूरा कथा स्थल भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान हो उठा।
आयोजन के दौरान प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा पंडाल पहुंचकर शिवमहापुराण का श्रवण कर रहे हैं। आयोजकों द्वारा श्रद्धालुओं के लिए कथा श्रवण की समुचित व्यवस्था की गई है। सात दिवसीय इस धार्मिक आयोजन का समापन आगामी 1 दिसंबर को होगा। कथा के शेष दिनों में भी भगवान शिव की महिमा एवं विभिन्न धार्मिक प्रसंगों का वर्णन किया जाएगा।


