अघोषित बिजली कटौती और जर्जर तारों से परेशान वार्ड 61-62 के वार्ड वासियों दी उग्र आंदोलन की चेतावनी, विद्युत विभाग को सौंपा ज्ञापन
कोरबा। छत्तीसगढ़एक्सप्रेस news : नगर पालिक निगम कोरबा के वार्ड क्रमांक 61 एवं 62 ( सर्वमंगला नगर, दुरपा,बरमपुर) के निवासी पिछले लंबे समय से भीषण बिजली संकट और जर्जर विद्युत व्यवस्था से जूझ रहे हैं। बार-बार अघोषित बिजली कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या के कारण स्थानीय लोगों का जीना मुहाल हो गया है। इस गंभीर समस्या को लेकर आज वार्ड पार्षद श्रीमती भानुमति जायसवाल, वार्ड पार्षद रामाधार पटेल, मण्डल अध्यक्ष हिरेन्द्र जायसवाल के नेतृत्व में क्षेत्रवासियों ने विद्युत वितरण विभाग के कार्यपालन अभियंता (EE) को एक औपचारिक आवेदन सौंपकर तत्काल सुधार की मांग की है।


लो-वोल्टेज और कटौती से व्यापार-घरेलू काम ठप
सौंपे गए ज्ञापन में नागरिकों ने बताया कि क्षेत्र में आए दिन अघोषित बिजली कटौती की जा रही है। इसके साथ ही लो-वोल्टेज की वजह से घरों के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण काम नहीं कर रहे हैं। इस दोहरी मार के कारण न सिर्फ लोगों के रोजमर्रा के घरेलू काम प्रभावित हो रहे हैं, बल्कि स्थानीय व्यापारियों और व्यावसायिक गतिविधियों को भी भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा: जर्जर तार दे रहे दुर्घटना को आमंत्रण
ग्रामीणों और पार्षद ने विभाग का ध्यान एक बड़े खतरे की ओर आकर्षित करते हुए बताया कि पूरे क्षेत्र में बिजली के तार अत्यधिक पुराने, जर्जर और क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। कई जगहों पर तारों के बीच स्पार्किंग (चिंगारी निकलना) और टूट-फूट की स्थिति लगातार बनी रहती है। हवा-आंधी चलने पर ये जर्जर तार कभी भी टूटकर गिर सकते हैं, जिससे किसी बड़ी जनहानि या अप्रिय दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों का आरोप है कि बार-बार मौखिक शिकायत करने के बावजूद विभाग ने अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।

7 दिनों का अल्टीमेटम: मांग पूरी नहीं हुई तो दफ्तर में जड़ेगे ताला
वार्ड वासियों ने विद्युत विभाग को चेतावनी देते हुए साफ लफ्जों में कहा है कि अगर आवेदन प्राप्ति के 7 दिनों के भीतरबिजली सप्लाई व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया और जर्जर तारों को बदला नहीं गया, तो वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।






