
छुरी कला में बेखौफ चोर: बस स्टैंड के जनरल स्टोर का शटर तोड़कर नगदी पार, सीसीटीवी में कैद हुए तीन संदेही
कटघोरा पुलिस मामले की जांच में जुटी, स्थानीय लोगों ने की असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई की मांग
छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस. न्यूज़/ भरत यादव
कोरबा / छुरी कला / कटघोरा : नगर पंचायत छुरी कला के मुख्य मार्ग पर स्थित बस स्टैंड के पास चोरी की एक दुस्साहसिक वारदात सामने आई है। यहाँ अज्ञात चोरों ने एक जनरल स्टोर का शटर तोड़कर गल्ले में रखी नगद राशि पार कर दी। घटना की रिपोर्ट कटघोरा थाने में दर्ज करा दी गई है, जिसके बाद पुलिस अज्ञात चोरों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।

मध्य रात्रि के बाद वारदात को दिया अंजाम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कटघोरा थाना अंतर्गत छुरी कला बस स्टैंड के मुख्य सड़क पर रामशरण साहू ‘भूमि जनरल स्टोर’ नाम से दुकान संचालित करते हैं। रोजाना की तरह दुकान बंद थी, तभी शुक्रवार की मध्य रात्रि के बाद लगभग 3:00 बजे चोरों ने धावा बोल दिया। दुकान में लगे सीसीटीवी (CCTV) फुटेज में तीन नकाबपोश युवक दुकान का शटर तोड़कर अंदर घुसते और चोरी करते हुए साफ नजर आ रहे हैं। चोरों ने दुकान के गल्ले में रखे लगभग ₹4,000 नगद चुरा लिए।
सुबह खुला मिला शटर, सामान भी बिखरे मिले
घटना का खुलासा शनिवार सुबह तब हुआ जब दुकान संचालक के बेटे रमेश साहू रोजाना की तरह दुकान खोलने पहुंचे। उन्होंने देखा कि दुकान का शटर टूटा हुआ और आधा खुला था। अनहोनी की आशंका के चलते जब उन्होंने अंदर जाकर देखा, तो गल्ले से ₹4,000 गायब थे और गल्ले में रखे जरूरी कागजात व अन्य सामान फर्श पर बिखरे पड़े थे।

डायल 112 ने लिया जायजा, जांच शुरू
रमेश साहू ने तुरंत चोरी की सूचना अपने परिवार और आपातकालीन सेवा डायल 112 को दी। क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रही डायल 112 की टीम ने बिना वक्त गंवाए मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से जायजा लिया। इसके बाद मामले की औपचारिक शिकायत कटघोरा थाने में दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अज्ञात चोरों की सुरागसाजी शुरू कर दी है।
खंडहर स्कूल बना बदमाशों का अड्डा, कार्रवाई की मांग
इस चोरी की घटना के बाद स्थानीय निवासियों और बस स्टैंड के व्यापारियों में भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शाम ढलते ही बस स्टैंड के पास स्थित खंडहर और जर्जर हो चुके पुराने स्कूल भवन में शराबी और गंजेड़ियों का जमघट लग जाता है। यह असामाजिक तत्व देर रात तक वहां डेरा जमाए रहते हैं।
व्यापारियों और नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इस खंडहर नुमा स्कूल और बस स्टैंड के आसपास रात में गश्त बढ़ाई जाए और ऐसे असामाजिक तत्वों पर कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में ऐसी वारदातों पर अंकुश लगाया जा सके।


