पूर्व पत्रकार चेतन सूर्या का पुराने क्वार्टर में फंदे से लटका मिला शव, पुलिस जांच में जुटी

संवाददाता : राजेश कुमार साहू, दीपका
कोरबा / दीपका । एसईसीएल कॉलोनी में पूर्व पत्रकार चेतन सूर्या का शव उनके पुराने आवासीय क्वार्टर में फंदे से लटका हुआ मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही दीपका पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। घटनास्थल पर कोरबा से फॉरेंसिक टीम भी पहुंची, जिसने आवश्यक जांच की।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, चेतन सूर्या पूर्व में पत्रकारिता से जुड़े हुए थे और वर्तमान में बेलटिकरी बसावट में रह रहे थे। बताया जा रहा है कि एसईसीएल कॉलोनी स्थित उनके पुराने आवासीय क्वार्टर नंबर MD-526 में उनका शव मिला। उनके परिवार में एक बेटी और एक बेटा हैं।
घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि वर्तमान में बेलटिकरी बसावट में रहने वाले चेतन सूर्या अपने पुराने क्वार्टर में किन परिस्थितियों में पहुंचे थे। उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है। घटना की वास्तविक वजह जानने के लिए पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से संबंधित आवश्यक जांच की। पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों की पड़ताल कर रही है। फिलहाल मौत के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक निष्कर्ष सामने नहीं आया है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियों का खुलासा हो सकेगा।


