पाली में धूमधाम से मनाया गया संत कबीर साहेब का 629वाँ प्राकट्य दिवस, निकली भव्य शोभायात्रा
कोरबा /छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस news : छत्तीसगढ़ प्रदेश मानिकपुरी पनिका समाज के तत्वावधान में पाली नगर में संत शिरोमणि सद्गुरु कबीर साहेब का 629वाँ प्राकट्य दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कबीर साहेब के छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलन और माल्यार्पण के साथ हुआ, जिसके बाद भजन-कीर्तन और सत्संग के जरिए सत्य, प्रेम और मानवता का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर कबीर आश्रम से एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जो नगर के प्रमुख चौकों (पौड़ी चौक, अटल चौक, बृहस्पति बाजार, पुराना बस स्टैंड, गांधी चौक) से होते हुए वापस आश्रम पहुँची। हाथों में श्वेत ध्वज लिए श्रद्धालुओं के अनुशासित सैलाब, धुमाल की गूंज और पारंपरिक कर्मा नृत्य ने पूरे नगर को भक्तिमय कर दिया। तपती धूप के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बनता था और नगरवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।
प्रतिभाओं का सम्मान और ‘हर घर कबीर’ का संकल्प
कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले होनहार छात्र-छात्राओं और युवा समाजसेवियों को सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने की अपील करते हुए कहा कि हर घर में कबीर वाणी की पुस्तकें और संस्कार होने चाहिए, जिससे समाज में नैतिकता का प्रकाश बना रहे। इस दौरान हर घर कबीर, हर युवा संस्कारित” का प्रेरक संकल्प लिया गया।

समाज के प्रमुख जनों की रही गरिमामयी उपस्थिति
आयोजन में प्रदेश महासचिव नानही दास दीवान, प्रदेश सचिव गोरेदास, प्रदेश सहसचिव सुश्री मनीषा दास, प्रदेश उपाध्यक्ष पवनदास, महिला प्रकोष्ठ प्रदेश सचिव श्रीमती सुचित्रा मानिकपुरी, कोरबा जिलाध्यक्ष संतोष दास महंत सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन घनश्याम दास ने किया।
ब्लॉक अध्यक्ष कंवल दास, श्रीमती प्रीति महंत, दिनेश दास, राजू महंत और श्रवण दास सहित समाज के अनेक सहयोगियों के सक्रिय योगदान से कार्यक्रम सफल रहा। अंत में सामूहिक महाप्रसाद के साथ आयोजन संपन्न हुआ, जहाँ सभी ने समाज को शिक्षित, संस्कारित और संगठित बनाने का संकल्प लिया।



