सर्वमंगला नगर में उमड़ा आस्था का सैलाब: आचार्य रमाकांत महाराज कर रहे शिवपुराण की अमृत वर्षा, श्रद्धालुओं को मिल रहे सिद्ध रुद्राक्ष


र्वमंगला नगर में उमड़ा आस्था का सैलाब: आचार्य रमाकांत महाराज कर रहे शिवपुराण की अमृत वर्षा, श्रद्धालुओं को मिल रहे सिद्ध रुद्राक्ष

कोरबा/ छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस न्यूज़:  सर्वमंगला नगर में इन दिनों भक्ति और अध्यात्म की बयार बह रही है। समस्त ग्रामवासियों के सामूहिक सहयोग से आयोजित श्रीमद् महाशिवपुराण कथा में प्रतिदिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु उमड़ रहे हैं। कथा के माध्यम से न केवल भगवान शिव की महिमा का गुणगान हो रहा है, बल्कि व्यास पीठ से श्रद्धालुओं को विशेष आशीर्वाद भी प्राप्त हो रहा है।

19 जनवरी तक चलेगी कथा की अमृत धारा

विदित हो कि सर्वमंगला नगर में 12 जनवरी से भव्य महाशिवपुराण कथा का शुभारंभ हुआ है, जो आगामी 19 जनवरी तक निरंतर जारी रहेगी। आयोजन समिति और ग्रामवासियों ने बताया कि इस धार्मिक अनुष्ठान को लेकर क्षेत्र में भारी उत्साह है और दूर-दराज से लोग शिव महिमा का श्रवण करने पंडाल पहुंच रहे हैं।

व्यास पीठ से मिल रहा ‘निशुल्क सिद्ध रुद्राक्ष’

कथा के मुख्य आकर्षण और श्रद्धा का केंद्र बने आचार्य रमाकांत महाराज जी अपनी ओजस्वी वाणी से शिवपुराण के गूढ़ रहस्यों को अत्यंत सरल और सुंदर ढंग से प्रस्तुत कर रहे हैं। महाराज जी के सानिध्य में पहुँचने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। व्यास पीठ के माध्यम से सभी आगंतुक भक्तों को निशुल्क सिद्ध रुद्राक्ष प्रदान किया जा रहा है।

भक्तिमय हुआ वातावरण

प्रतिदिन कथा पंडाल में शिव भजनों और प्रसंगों पर श्रद्धालु झूमते नजर आते हैं। आचार्य जी द्वारा भगवान शिव के विभिन्न अवतारों और उनके लोक कल्याणकारी स्वरूप का वर्णन सुनकर श्रोता भाव-विभोर हो रहे हैं। आयोजन समिति ने सभी धर्मप्रेमियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस पुण्य अवसर का लाभ उठाएं।