सर्वमंगला नगर में गरबा-डांडिया की धूम: पारंपरिक छत्तीसगढ़ी वेशभूषा में सजे बच्चों ने दी मनमोहक प्रस्तुति
रिपोर्ट : भरत यादव | 7999608199
कोरबा। छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस : सर्वमंगला नगर स्थित छोटा दशहरा मैदान में श्री श्री दुर्गा पूजा एवं दशहरा उत्सव पूरे धूमधाम और भक्तिभाव के साथ मनाया जा रहा है। उत्सव को लेकर क्षेत्र के श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। मैदान में माता रानी का भव्य एवं आकर्षक पंडाल सजाया गया है, जहाँ परंपरा अनुसार माँ दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कर पूरे नौ दिनों तक विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जा रही है।

प्रतिदिन संध्या आरती के समय भक्ति का अनोखा माहौल निर्मित हो रहा है। सैकड़ों की संख्या में महिलाएँ पूजा की थाल लेकर पंडाल में उपस्थित रहती हैं और एक स्वर में माता रानी की आरती उतारती हैं। ढोल-नगाड़े और मांदर की पारंपरिक थाप पर श्रद्धालुओं द्वारा माता के ‘जस गीत’ और भजन-कीर्तन गाए जा रहे हैं। उत्सव के दौरान प्रतिदिन भक्तों के बीच नए-नए भोग एवं प्रसाद का वितरण किया जा रहा है।
गरबा-डांडिया की रंगारंग प्रस्तुति
छोटा दशहरा मैदान में गरबा और डांडिया की भी ज़बरदस्त धूम मची हुई है। शनिवार को छत्तीसगढ़ी वेशभूषा में बच्चों ने शानदार प्रस्तुति दी ठीक इसी तरह प्रतिदिन रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजे बच्चे और युवा देर रात लगभग 11 बजे तक डांडिया रास रच रहे हैं। इस मनोरम नृत्य और उत्सव का आनंद लेने के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में दर्शक पंडाल पहुँच रहे हैं। छोटा दशहरा मैदान में 20 अक्टूबर को दशहरा उत्सव एवं रावण दहन का भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर विशाल मेले का आयोजन भी होगा। श्रद्धालुओं और दर्शकों के मनोरंजन के लिए छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध गायक सुनील मानिकपुरी की ‘भजन संध्या’ का विशेष कार्यक्रम रखा गया है, जिसमें वे अपनी पूरी टीम के साथ सुरीली प्रस्तुतियाँ देंगे।

21 अक्टूबर दुरपा बड़ा दशहरा मैदान में होगा रावण दहन
दुरपा क्षेत्र में लगातार दो दिनों तक दशहरा उत्सव की परंपरा निभाई जाती है। इसी कड़ी में 21 अक्टूबर को बड़े दशहरा मैदान में रावण दहन का कार्यक्रम संपन्न होगा। दशहरे के दूसरे दिन आयोजित होने के कारण यहाँ हर साल अपार जनसैलाब उमड़ता है। इस वर्ष भी आयोजन समिति द्वारा व्यापक तैयारियाँ की गई हैं ताकि लोगों को एक भव्य और यादगार उत्सव का अनुभव मिल सके। यहां भव्य दुर्गा पंडाल में मां आदिशक्ति की षष्ठी के दिन से पूजन पाठ प्रारंभ हो गया है मां की सुंदर प्रतिभा स्थापित करके सुबह शाम आरती पूजन किया जा रहा है बता दे यहां भी गरबा डांडिया की धूम है देर शाम तक आकर्षक परिधान में गरबा डांडिया का कार्यक्रम चलते रहता है.



