कोरबा में सनसनी: रेलवे ओवरब्रिज के नीचे सो रहे हमाल की लाठी से पीटकर बेरहमी से हत्या
सुबह हुआ था विवाद, दोपहर में सोते वक्त सिर पर किए ताबड़तोड़ वार

कोरबा। छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस न्यूज़: शहर के व्यस्ततम इलाके रेलवे क्रॉसिंग ओवरब्रिज के नीचे आज दोपहर उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक हमाल (मजदूर) की बेरहमी से हत्या कर दी गई। वारदात के वक्त मृतक चबूतरे पर सो रहा था, तभी आरोपी ने लाठी से उसके सिर पर कई बार वार किए, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुँची और मामले की जाँच में जुट गई है।

कोतवाली थाना प्रभारी (TI) एम. बी. पटेल से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान **राजेश महाराज** के रूप में हुई है। वह रेलवे ओवरब्रिज के नीचे चबूतरे पर रहकर हमाली का काम करता था। पुलिस ने बताया कि मृतक राजेश और उसके साथ रहने वाला एक अन्य हमाल दोनों ही खानाबदोश जिंदगी जीते थे और नशे के आदी थे। आज सुबह किसी बात को लेकर दोनों के बीच हिंसक वाद-विवाद और मारपीट हुई थी। हालांकि, उस वक्त आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था। सुबह के विवाद के बाद दोपहर में राजेश महाराज चबूतरे पर सो रहा था। इसी दौरान आरोपी अचानक वहाँ पहुँचा और सोए हुए राजेश के सिर पर डंडे से ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। हमला इतना घातक था कि राजेश को सँभलने का मौका ही नहीं मिला और आरोपी वारदात को अंजाम दिया। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली टीआई एम. बी. पटेल अपने मातहत स्टाफ के साथ तुरंत मौके पर पहुँचे। पुलिस ने शव का मर्ग पंचनामा तैयार कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। जल्द ही आरोपी सलाखों के पीछे होगा।


