मड़वाढोढ़ा में दो दिन से बिजली गुल, ग्रामीणों ने बिजली सब स्टेशन का घेराव किया
कोरबा।छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस. News मड़वाढोढ़ा में दो दिन से बिजली गुल रहने से लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। बांकी मोंगरा नगर पालिका अध्यक्ष की अगुवाई में ग्रामीणों ने बिजली सब स्टेशन का घेराव कर दिया। व्यवस्था सुधार के आश्वासन पर आंदोलन समाप्त हुआ। इस दौरान शहर डीई राजेश चौहान ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्था सुधार को लेकर आश्वासत किया। ग्राम मड़वाढोढ़ा व पुरेना में लगातार दो दिनों से बिजली आपूर्ति ठप्प होने से ग्रामीणों ने सब स्टेशन घेराव किया।रात 12 से गुल हुई बिजली दोपहर 2 तक बहाल हुई।

बिजली बाधित रहने के कारण क्षेत्र के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अब गांवों में भी बिजली संकट गहराता जा रहा है। लगातार बिजली गुल रहने से पेयजल संकट भी उत्पन्न हो गया है। भीषण गर्मी और उमस के बीच बिजली आपूर्ति ठप रहने से घरेलू कार्य, विद्यार्थियों की पढ़ाई, कृषि कार्य, छोटे व्यवसाय तथा ऑनलाइन खाद, धान और बीज बिक्री का कार्य भी पिछले दो दिनों से प्रभावित रहा। मोबाइल फोन चार्ज नहीं हो पाने से संचार व्यवस्था पर भी असर पड़ा। ग्रामीणों ने निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की थी। ग्रामीणों ने चेतावनी दी थी कि यदि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो संबंधित अधिकारियों को सूचना देने के बाद जनहित में व्यापक आंदोलन करने के लिए वे बाध्य होंगे। जिसके तहत घेराव किया गया।


