तटीय इलाकों में अलर्ट जारी 28-29 अक्टूबर को भारी बारिश की चेतावनी: मिनीमाता बांगो बांध के खुल सकते हैं गेट, नदी किनारे न जाने की अपील
हसदेव नदी के तटीय क्षेत्रों में सतर्कता बरतें, नदी से दूर रहें—प्रशासन की अपील
रिपोर्ट : भरत यादव | छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस
कोरबा, 27 अक्टूबर 2026/ भारत मौसम विज्ञान विभाग से प्राप्त पूर्वानुमान के अनुसार 28 एवं 29 अक्टूबर को क्षेत्र में भारी वर्षा की संभावना है। इसे देखते हुए मिनीमाता बांगो बांध के जलस्तर के नियमन के लिए आवश्यकतानुसार बांध के गेट खोले जा सकते हैं। इससे हसदेव नदी के जलस्तर और जल प्रवाह में वृद्धि होने की संभावना है।

मिनीमाता बांगो बांध संभाग क्रमांक 3, माचाडोली ने नदी के तटीय एवं जल प्रवाह वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की है। नागरिक नदी के किनारों से पर्याप्त दूरी बनाए रखें तथा नदी में उतरने, नहाने, मछली पकड़ने और अन्य जोखिमपूर्ण गतिविधियों से बचें।
नदी के आसपास रहने वाले ग्रामीणों, पशुपालकों और मछुआरों से अनुरोध किया गया है कि वे अपने परिवार और पशुओं को नदी किनारे न जाने दें। बांध के गेटों के संचालन और नदी के जलस्तर में संभावित वृद्धि को देखते हुए प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। नागरिक अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी सूचना के लिए प्रशासन के आधिकारिक संदेशों पर भरोसा करें।

