गेवरा-दीपका में पांच दिवसीय जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता का समापन, खिलाड़ियों को मिले पुरस्कार
संवाददाता: राजेश कुमार साहू, दीपका
गेवरा/कोरबा। छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस: क्षेत्र के बच्चों में खेल भावना को बढ़ावा देने और उन्हें एक बेहतरीन मंच प्रदान करने के उद्देश्य से कर्मा तेजस्वी खेल विकास संगठन (गेवरा सोसाइटी) द्वारा आयोजित पांच दिवसीय जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता का भव्य समापन हो गया। इस प्रतियोगिता ने गेवरा और आसपास के क्षेत्रों में खेल का एक शानदार माहौल तैयार किया, जहाँ बच्चों ने अपनी खेल प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। रोमांचक मुकाबलों से भरा रहा पांच दिवसीय कार्यक्रम पाँच दिनों तक चली इस प्रतियोगिता में अलग-अलग खेलों का रोमांच देखने को मिला। खेल प्रेमियों और दर्शकों की भारी मौजूदगी में खिलाड़ियों ने अपना दमखम दिखाया।
10 मई ताइक्वांडो प्रतियोगिता के साथ आयोजन का आगाज हुआ।

11 मईबॉक्सिंग और शतरंज (चेस) के मुकाबले खेले गए।12 मई कबड्डी और योगा का आयोजन किया गया।13 मई वॉलीबॉल प्रतियोगिता संपन्न हुई।पुरस्कार वितरण समारोह में उमड़ी खेल प्रेमियों की भीड़
प्रतियोगिता के अंतिम दिन 15 मई को सायं 5:00 से 7:00 बजे तक भव्य पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका परिषद के मुख्य नगरपालिका अधिकारी (C.M.O.) राजेश गुप्ता उपस्थित थे।
उनके साथ ही क्षेत्र के कई अन्य गणमान्य अतिथियों ने भी शिरकत की, जिनमें विभिन्न वार्डों के पार्षद इस्तिखार अली, श्रीमती हर्षित देवी राजपूत, श्री आकाश साहू, श्री अविनाश यादव और श्री धीरेन्द्र तिवारी शामिल रहे। इसके अलावा राजनीतिक एवं सामाजिक प्रतिनिधि के रूप में श्री तनवीर अहमद (सांसद प्रतिनिधि, कांग्रेस), श्री रजनीश तिवारी (प्रदेश सह-सचिव, कांग्रेस) तथा सृष्टि महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती गौरी चक्रवर्ती एवं प्रभारी श्रीमती प्रिया पटेल उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में खिलाड़ी बच्चे, उनके पालकगण और नगर के प्रतिष्ठित नागरिक मौजूद थे।
अतिथियों ने बढ़ाया बच्चों का हौसला
समारोह में आए सभी अतिथियों ने कर्मा तेजस्वी खेल विकास संगठन के इस प्रयास की जमकर सराहना की। अपने उद्बोधन में अतिथियों ने बच्चों को खेल के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए आश्वासन दिया कि वे समय-समय पर खिलाड़ियों को हर संभव सहयोग प्रदान करेंगे।
सफल संचालन और आभार
कार्यक्रम का सफल संचालन कर्मा तेजस्वी खेल विकास संगठन की सचिव भुवनेश्वरी जायसवाल ने किया। समारोह के अंत में संस्था की अध्यक्षा श्रीमती रेणु तिवारी ने उपस्थित सभी अतिथियों, पालकों और नागरिकों का आभार व्यक्त किया।
महिला शक्ति के प्रयासों की हुई सराहना
मुख्य अतिथियों ने संगठन की खेल शिक्षिका व उपाध्यक्ष वेदिका साहूकी कड़ी मेहनत, लगन और उनके साथ जुड़ीं सभी महिला सदस्यों के प्रयासों को विशेष रूप से रेखांकित किया। अतिथियों ने आयोजन को सफल बनाने के लिए पूरी टीम की पीठ थपथपाई और उन्हें भविष्य के लिए प्रोत्साहित किया।






