सर्वमंगला तिराहे पर तेज रफ्तार ट्रेलर ने स्कूटी सवार युवती को मारी टककर, मौत
सर्वमंगला तिराहे पर स्पीड ब्रेकर न होने से लगातार मंडरा रहा हादसों का खतरा,भारी वाहनों की रफ्तार पर लगाम की मांग
रिपोर्ट: भरत यादव 799 9608 199
कोरबा। छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस: सर्वमंगला तिराहे में सोमवार सुबह हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवती की मौत हो गई। कुसमुंडा की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने चौक के मोड़ पर स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवती को राहगीरों की मदद से सर्वमंगला चौकी पुलिसकर्मियों ने जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।



मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह ट्रेलर क्रमांक सीजी 12 ए वाय 5608 कुसमुंडा की ओर से आ रहा था। सर्वमंगला तिराहे के मोड़ पर ट्रेलर ने स्कूटी क्रमांक सीजी 12 बीआर 0460 को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद स्कूटी सवार युवती सड़क पर जा गिरी और उसे गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद राहगीरों की सूचना पर पहुंचे सर्वमंगला चौकी पुलिसकर्मियों ने राहगीरों की मदद से घायल युवती को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतका की पहचान कोरबा के बुधवारी निवासी मधुलता रात्रे के रूप में हुई है, जो बलौदा पंचायत में सचिव के पद पर कार्यरत थीं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटनाकारित ट्रेलर को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
बिना स्पीड ब्रेकर का चौक बना हादसों का स्पॉट,सर्वमंगला तिराहा
कोरबा-कुसमुंडा मुख्य मार्ग का एक अत्यंत महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसके बावजूद यहां गति नियंत्रक (स्पीड ब्रेकर) न होने से भारी वाहन काफी तेज रफ्तार से गुजरते हैं। कुसमुंडा की ओर से कोयला परिवहन करने वाले वाहनों और कोरबा की तरफ से आने वाले ट्रेलरों की गति अनियंत्रित रहती है, जिससे पहले भी दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। आज का यह भीषण हादसा भी वाहनों की अनियंत्रित गति और सुरक्षा इंतजामों की कमी का ही दुष्परिणाम है।
नवरात्रि पर्व से पहले बढ़ी सुरक्षा की चिंता
आगामी 11 अक्टूबर से शुरू हो रहे नवरात्रि पर्व को लेकर अब क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। हसदेव नदी के किनारे स्थित प्रसिद्ध सर्वमंगला मंदिर में प्रतिदिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। स्थानीय लोगों का मानना है कि ऐसे में यदि समय रहते मुख्य मार्ग पर भारी वाहनों की रफ्तार पर कड़ा नियंत्रण नहीं लगाया गया और गति नियंत्रक नहीं बनाए गए, तो आगामी दिनों में और भी गंभीर हादसे घटने की पूरी आशंका बनी हुई है। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से तत्काल स्पीड ब्रेकर बनाने और ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।



